अभिषेक सिंह | सीतापुर7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
सीतापुर के मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के परसौली गांव में मंगलवार देर शाम को उस समय हड़कंप मच गया जब खेतों के बीच आम के पेड़ से एक मजदूर का शव लटकता हुआ मिला। मृतक की पहचान 50 वर्षीय जोधे पुत्र गोबरे निवासी परसौली के रूप में हुई है। नग्न अवस्था में शव मिलने से यह मामला आत्महत्या और हत्या के बीच उलझ गया है। हालांकि पुलिस इसे आत्महत्या मानकर तफ्तीश कर रही है।
परिजनों के मुताबिक, मंगलवार मृतक दोपहर जोधे का गांव के ही कुछ लोगों संदीप और कुलदीप से सिलाई के पैसों को लेकर विवाद हुआ था। परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान उन लोगों ने जोधे के साथ मारपीट भी की थी। इसके बाद वह घर से निकल गए और देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजन और ग्रामीण उनकी तलाश में जुटे तो गांव से करीब एक किलोमीटर दूर मेढई के खेत में उनका शव आम के पेड़ से लटकता हुआ मिला। घटना की जानकारी होते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

मृतक जोधे का परिवार पूरी तरह मजदूरी पर निर्भर है। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं, दोनों की शादी हो चुकी है। घर का खर्च मुख्य रूप से जोधे और उनका बेटा पवन मेहनत-मजदूरी कर किसी तरह चलाते थे। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है।

सूचना मिलते ही मिश्रिख पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की हर पहलू से जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। परिजन और ग्रामीण व्यक्ति की मौत से सहमे है।

