नालंदा में बुधवार को देर शाम सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर ने रौंद डाला। मृतक रोह थाना क्षेत्र के बंदाजोर गांव निवासी सहदेव मांझी का बेटा अजय मांधी है। मृतक के साले जितेंद्र मांझी ने बताया कि उनके बहनोई अजय मांझी ससुराल आए हुए थे। बुधवार शाम को उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए कुछ सामान लेकर नहीं आए हैं, इसलिए सकरौल से चॉकलेट खरीदकर लाते हैं। जब वह सामान लेकर पैदल ही लौट रहे थे, तभी सकरौल मस्जिद और ट्रांसफार्मर के पास यह हादसा हो गया। घटना दीपनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सकरौल गांव स्थित मुसहरी टोला के पास की है। वाहन मोड़ते वक्त हादसा जितेंद्र के अनुसार, अजय सड़क के एकदम किनारे से आ रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक वाहन पीछे की तरफ आ रहा था। इस वजह से ड्राइवर ने अजय को नहीं देखा और अजय को रौंद डाला। हादसे की सूचना राहगीरों ने परिजनों को दी। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि अजय मृत अवस्था में पड़े थे और उनके शरीर और पास की मिट्टी पर गाड़ी के चक्के के गहरे निशान मौजूद थे। अंधेरे के कारण हुआ हादसा घटना की सूचना मिलते ही दीपनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अजय मांझी सड़क किनारे अंधेरे में बैठे थे। इसी दौरान एक डंपर बैक करने के चक्कर में उन पर चढ़ गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। फिलहाल अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए पुलिस इलाके में पूछताछ कर रही है। परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link

