महाराष्ट्र के नांदेड में गुरुद्वारा माता साहिब में निहंग ने शिरोमणि अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष व पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर कृपाण से हमला किया। हालांकि, हमलावर निहंग को उसी समय दबोच लिया। अब तक की पुलिस की पूछताछ में सामने आया है
.
आरोपी निहंग ने सुखबीर बादल के सामने आते ही अपनी कृपाण निकालकर उनकी छाती की तरफ वार किया, लेकिन सुखबीर बादल ने अपना हाथ आगे कर दिया, जिसकी वजह से कृपाण छाती तक नहीं पहुंची और बाजू में घाव हो गया।
सुखबीर बादल के हाथ पर कृपाण से करीब 5 सेंटीमीटर का कट लगा। डॉक्टरों को 8 से 9 टांके लगाने पड़े। नांदेड़ के एसपी निलाभ रोहन ने बताया कि आरोपी को अरेस्ट कर पूछताछ की जा रही है। अभी तक की पूछताछ में उसने कहा कि वह पंजाब में नशे को लेकर गुस्से में था। इसीलिए उसने सुखबीर बादल पर हमला किया।
वहीं, इस मामले में गुरुद्वारा प्रबंधन के बाबा जग्गा सिंह ने कहा कि आरोपी जसपाल सिंह 2 साल से गुरुद्वारे में सेवा कर रहा है। वह मानसिक तौर पर ठीक नहीं है।
पत्नी हरसिमरत कौर बादल के साथ गुरुद्वारे में सुखबीर सिंह बादल।
घटना से पहले सुखबीर बादल ने क्या-क्या किया, जानिए…
- 12 अगस्त को नांदेड़ पहुंचे थे सुखबीर: सुखबीर बादल अपनी पत्नी हरसिमरत कौर बादल के साथ 12 अगस्त को नादेड़ साहिब पहुंचे। नादेड़ साहिब में उन्होंने अपनी पत्नी के साथ शाम व रात को सेवा की। हरसिमरत कौर बादल ने रात को डेढ़ बजे तक बर्तन धोने की सेवा की।
- गुरुद्वारा साहिब में हुए सम्मानित: श्री नादेड़ गुरुद्वारा साहिब में सुखबीर बादल व उनका परिवार नतमस्तक हुआ और उसके बाद प्रबंधकों ने उन्हें सम्मानित किया। उसके बाद सुखबीर बादल आसपास के गुरुद्वारा में नतमस्तक होने पहुंचे।
- शहर से 15 किलोमीटर दूर है गुरुद्वारा साहिब: गुरुद्वारा माता साहिब नादेड़ शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर है। सुखबीर बादल अपनी पत्नी के साथ गुरुद्वारा माता सहिब में नतमस्त होने गए। पुलिस के मुताबिक, सुखबीर बादल ने माथा टेका। जब वह लौट रहे थे तो आरोपी ने उन पर हमला कर दिया।
- दो दिवसीय दौरे पर थे बादल: सुखबीर सिंह बादल नांदेड़ जिले के दो दिवसीय दौरे पर गए थे। वह विभिन्न ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन कर रहे थे, तभी माता साहिब गुरुद्वारे के पास उन पर हमला हुआ। हमले के समय सुखबीर बादल की पत्नी और बठिंडा से अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल भी उनके साथ मौजूद थीं। इससे पहले दिन में पूरे परिवार ने तख्त श्री हजूर साहिब के दर्शन किए थे।
- हमले के बाद का वीडियो: घटना के बाद सामने आए एक वीडियो में सुखबीर सिंह बादल अपने दाहिने हाथ पर केसरी रंग का कपड़ा लपेटकर चलते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिस पर मामूली चोट के बाद पट्टी बांधी गई थी।
- गुरुद्वारे का प्रबंधन निहंगों के पास: जिस गुरुद्वारा साहिब में सुखबीर बादल पर हमला हुआ है उसका प्रबंधन SGPC के पास नहीं, बल्कि उसका संचालन निहंग सिंह ही करते हैं। गुरुद्वारा साहिब के संचालन करने वाले बाबा जग्गा सिंह का कहना है कि वहां पहले ऐसी घटना कभी नहीं हुई।

महाराष्ट्र पुलिस ने ये अहम बातें कहीं…
- दर्शन कर लौटते वक्त सीढ़ियों के पास हुआ हमला: नांदेड़ में सुखबीर बादल पर हमले के बाद SP निलाभ रोहन ने बताया कि दोपहर करीब पौने 2 बजे सुखबीर बादल नांदेड़ के माता साहिब गुरुद्वारा में दर्शन करने पहुंचे थे। दर्शन के बाद जब वह सीढ़ियां उतर रहे थे, तभी एक स्थानीय सेवादार ने अचानक कृपाण निकालकर हमला करने की कोशिश की।
- सुखबीर बादल के हाथ में चोट, सुरक्षा अधिकारी भी घायल: SP ने बताया कि हमले के दौरान बचाव के बीच सुखबीर सिंह बादल के दाहिने हाथ में चोट आई है। पास में मौजूद सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिस इंस्पेक्टर ने तुरंत बीच-बचाव किया, जिससे अधिकारी को भी मामूली चोट आई।
- आरोपी तुरंत गिरफ्तार, 60 साल का है सेवादार: SP ने बताया कि हमले के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। आरोपी की उम्र 60 से 62 वर्ष के बीच है। वह पिछले 2 साल से उसी गुरुद्वारे में सेवादार के रूप में काम कर रहा था। पुलिस हिरासत में उससे लगातार पूछताछ की जा रही है।
- सुरक्षा में कोई चूक नहीं’, Z+ कवर के कारण टली अनहोनी: SP ने साफ किया कि सुरक्षा में कोई कोताही नहीं हुई थी। सुखबीर बादल को Z+ सुरक्षा मिली हुई है। अधिकारियों की मौके पर मौजूदगी के चलते ही हमलावर को तुरंत दबोचा जा सका, वरना बड़ी वारदात हो सकती थी।
- ATS भी करेगी जांच: SP ने बताया कि डॉक्टरों की टीम सुखबीर बादल की स्थिति पर नजर रखे हुए है। वह पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनकी हालत स्थिर है। हमले की असली वजह क्या थी, यह अभी साफ नहीं है। नांदेड़ पुलिस के साथ-साथ एंटी टेररिज्म स्क्वॉयड (ATS) भी मामले की जांच में जुट गई है।

एसपी निलाभ रोहन, नादेड़
हमला करने वाला जसपाल सिंह कौन?
सुखबीर सिंह बादल पर हमला करने वाला आरोपी जसपाल सिंह पुणे का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि वह गुरुद्वारे में सेवा करने से पहले कोर्ट में वकालत करता था। घटना के समय वह निहंग के वेश में गुरुद्वारा परिसर के पास मौजूद था।
जानकारी के अनुसार, इसी दौरान किसी बात को लेकर बहस हुई और जसपाल सिंह ने अचानक कृपाण से सुखबीर बादल पर हमला कर दिया। नांदेड़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी आरोपी जसपाल सिंह से पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर विवाद किस बात को लेकर हुआ और उसने सुखबीर बादल पर हमला क्यों किया।
जसपाल के लिंक खंगालने में जुटी महाराष्ट्र पुलिस
SP निलाभ रोहन ने बताया कि निहंग जसपाल सिंह का फिलहाल कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड सामने नहीं आया। पुलिस अब उनके लिंक ढूंढ रही है, ताकि हमले का असली कारण पता चल सके। उन्होंने बताया कि इस मामले की जांच नादेड़ पुलिस व एटीएस कर रही है। दोनों टीमें जसपाल सिंह का रिकार्ड खंगाल रही हैं कि उसके लिंक किसी ग्रुप के साथ तो नहीं हैं।
***********
ये खबर भी पढ़ें:
PM मोदी से मुलाकात, 6 दिन बाद सुखबीर पर हमला: एक्सपर्ट बोले- बादल के प्रति कट्टरपंथियों में नफरत; BJP से नजदीकियां बनाने पर भी रोष

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के 6 दिन बाद शिरोमणि अकाली दल (SAD) के प्रधान सुखबीर बादल पर निहंग ने हमला कर दिया। सुखबीर बादल पर निहंग के हमले का सीधा-सीधा इंपेक्ट पंजाब की पॉलिटिक्स पर भी दिखने को मिलेगा। (पढ़ें पूरी खबर)

