Sunday, October 25, 2026
Homeफूडसूजी- बेसन से बनाएं इंस्टेंट ढोकला, जालीदार टेक्सचर के लिए फॉलो करें...

सूजी- बेसन से बनाएं इंस्टेंट ढोकला, जालीदार टेक्सचर के लिए फॉलो करें ये रेसिपी


Instant Dhokla Recipe: इंस्टेंट ढोकला बनाने के लिए आपको बाजार से कुछ भी एक्स्ट्रा चीजें खरीदने की जरूरत नहीं है. इसमें इस्तेमाल होने वाली सामाग्री लगभग हर घर में आसानी से उपलब्ध होती है. आमतौर पर ढोकला बनाने के लिए बैटर को तैयार करके कुछ समय तक रखने की जरूरत पड़ती है, लेकिन सूजी और बेसन से बनने वाला ये इंस्टेंट ढोकला कम समय में तैयार किया जा सकता है. इसे सुबह के नाश्ते के अलावा शाम की चाय के साथ भी परोसा जा सकता है. आइए जानते हैं सूजी-बेसन का इंस्टेंट ढोकला बनाने की आसान रेसिपी.

सूजी-बेसन से बनाएं इंस्टेंट ढोकला

सामग्री
सूजी – आधा कप
बेसन – आधा कप
दही – आधा कप
हल्दी पाउडर – आधा छोटा चम्मच
पिसी हुई चीनी – 1 बड़ा चम्मच
नमक – 1 छोटा चम्मच या स्वादानुसार
तेल – 1 बड़ा चम्मच
नींबू का रस – आधा छोटा चम्मच
ईनो या बेकिंग सोडा – 1 छोटा चम्मच
पानी – जरूरत के अनुसार
हरा धनिया – सजाने के लिए

तड़के के लिए
सरसों का तेल – 2 छोटे चम्मच
राई – 1 छोटा चम्मच
हरी मिर्च – 2-3
करी पत्ते – 8-10

सूजी-बेसन का इंस्टेंट ढोकला बनाने की विधि

बैटर तैयार करें- सबसे पहले एक बड़े बर्तन में सूजी, बेसन, दही, हल्दी, पिसी चीनी, नमक, तेल और नींबू का रस डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा, लेकिन आसानी से फैलने वाला बैटर तैयार कर लें.

बैटर को तैयार होने दें- मिश्रण को करीब 10-15 मिनट के लिए रख दें, ताकि सूजी पानी सोखकर अच्छी तरह फूल जाए. इसके बाद बैटर का गाढ़ापन जांचें. जरूरत हो तो थोड़ा पानी मिला लें.

ढोकला पकाएं- ढोकला बनाने वाले बर्तन या थाली में हल्का तेल लगाकर चिकना कर लें. अब बैटर में ईनो डालें और हल्के हाथ से मिलाएं. तुरंत बैटर को थाली में डाल दें. पहले से गर्म स्टीमर में इसे करीब 15-20 मिनट तक पकाएं. चाकू या टूथपिक डालकर जांचें. अगर वह साफ बाहर आए, तो ढोकला तैयार है.

तड़का लगाएं- एक छोटे पैन में सरसों का तेल गर्म करें. इसमें राई डालें. राई चटकने लगे, तो हरी मिर्च और करी पत्ते डालकर कुछ सेकंड भूनें.

परोसने के लिए तैयार करें- पके हुए ढोकले को थोड़ा ठंडा होने दें और फिर टुकड़ों में काट लें. ऊपर से तड़का डालें और हरे धनिये से सजाएं. इसे हरी चटनी के साथ गर्मागर्म परोसें.

ढोकला बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
बैटर बहुत ज्यादा पतला न रखें, वरना ढोकले का टेक्सचर बिगड़ सकता है. ईनो डालने के बाद बैटर को ज्यादा देर तक न रखें, बल्कि तुरंत स्टीम करें. ढोकले को अच्छी तरह पकने दें और काटने से पहले कुछ मिनट ठंडा होने दें.



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments