मनोज कुमार वर्मा | सोनभद्र4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
सोनभद्र के अनपरा थाना क्षेत्र के औड़ी-सिंगरौली मार्ग पर सड़क हादसा हो गया सिंगरौली से औड़ी की ओर जा रही एक ऑटो (टेम्पो) आरपीएल पेट्रोल पंप के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में ऑटो में सवार पांच लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद बैढ़न के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ऑटो तेज रफ्तार में थी। आरपीएल पेट्रोल पंप के समीप पहुंचते ही चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे ऑटो सड़क पर पलट गई। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत घायलों को ऑटो से बाहर निकाला। उन्हें उपचार के लिए औड़ी स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने चार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी, जबकि गंभीर रूप से घायल आनंद बैसवार (42) पिता स्वर्गीय रामधारी बैसवार बिछड़ी अनपरा को बैढ़न ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।
बताया जा रहा है कि आनंद बैसवार अपने पाही से ऑटो में सवार होकर घर लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई।
दुर्घटना के बाद ऑटो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव ने बताया कि ऑटो पलटने से कुछ लोग घायल हुए हैं और एक व्यक्ति को गंभीर हालत में रेफर किया गया है। पुलिस चालक की तलाश कर रही है और मामले की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


