Monday, May 25, 2026
Homeराज्यबिहारस्कॉर्पियो ने तीन दोस्तों को रौंदा, 2 की मौत: सीवान में...

स्कॉर्पियो ने तीन दोस्तों को रौंदा, 2 की मौत: सीवान में क्रिकेट खेलकर घर लौटने के दौरान हादसा, एक गंभीर; चालक गिरफ्तार, वाहन जब्त – Siwan News




सीवान में रविवार की रात क्रिकेट खेलकर घर लौट रहे 3 दोस्तों को स्कॉर्पियो ने कुचल दिया। हादसे में दो की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक अब भी अस्पताल में भर्ती है। घटना दरौंदा थाना क्षेत्र की है। मृतकों की पहचान मडसरा के मठिया गांव निवासी टुनटुन साह के बेटे करण कुमार(20) और रामेश्वर ठाकुर के बेटे प्रियांशु कुमार उर्फ कल्लू(20) के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक अशोक ठाकुर का बेटा हिमांशु ठाकुर बताया जा रहा है। तीनों युवक आपस में गहरे दोस्त थे और अक्सर साथ ही रहते थे। एक ही बाइक से घर आ रहे थे तीनों बताया जा रहा है कि तीनों दोस्त रविवार को बाइक से दरौंदा थाना क्षेत्र के रानीबारी गांव क्रिकेट खेलने गए थे। देर शाम मैच खत्म होने के बाद वे हंसी-मजाक करते हुए एक ही बाइक पर घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक रंगरौली गांव के समीप पहुंची, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक बाइक से उछलकर काफी दूर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक भी नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे पेड़ से टकराकर गड्ढे में पलट गई। स्थानीय लोगों ने ड्राइवर को पकड़ा घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने दौड़कर घायलों को संभाला और स्कॉर्पियो चालक को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। तीनों युवकों को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल में करण और प्रियांशु की हालत नाजुक होने पर उन्हें पटना रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही दोनों दोस्तों ने दम तोड़ दिया। महाराजगंज एसडीपीओ अमन ने बताया कि हादसे में दो युवकों की मौत हुई है। चालक को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है तथा वाहन को जब्त कर लिया गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों शवों को परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments