मैड्रीड5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
स्पेन के कैनरी आइलैंड्स के पास समुद्र में प्रवासियों से भरी एक नाव में 15 लोगों के शव मिले हैं। नाव का इंजन खराब होने के बाद करीब 100 लोग 3 दिन तक समुद्र में फंसे रहे।
इस दौरान नाव में खाना-पानी खत्म हो गया, जिससे कई लोगों की जान चली गई। 6 लोगों की हालत गंभीर है। उन्हें हेलिकॉप्टर से अस्पताल पहुंचाया गया।
नाव में सवार बाकी लोगों को भी रेस्क्यू किया गया। यह नाव पश्चिमी अफ्रीका से यूरोप पहुंचने की कोशिश कर रहे प्रवासियों को लेकर जा रही थी।
घटना से जुड़ी 5 तस्वीरें…

स्पेन के कैनरी आइलैंड्स के पर पहुंचे प्रवासी। वे कोस्टगार्ड के जहाज से यहां लाए गए। सोर्स- रॉयटर्स

प्रवासी एक छोटी नाव में सवार होकर स्पेन के तट पर पहुंचे। सोर्स- EFE

समुद्री बचाव कर्मी एक नाबालिग को डॉक पर ले जाते हुए। सोर्स- EFE
समुद्री बचाव कर्मी एक प्रवासी को नाव से उतारते हुए। सोर्स- सोशल मीडिया

बचावकर्मी एक कमजोर प्रवासी की मदद करते हुए। सोर्स- EFE
72 किलोमीटर दूर से नाव को खींचकर बंदरगाह लाया गया
स्पेन की समुद्री बचाव टीम को यह नाव एल हिएरो द्वीप से करीब 72 किलोमीटर दक्षिण में मिली थी। इसके बाद नाव को खींचकर ला एस्टाका बंदरगाह ले जाया गया।
वहीं, एक दूसरी नाव से 84 प्रवासी सुरक्षित एल हिएरो द्वीप के ला रेस्टिंगा बंदरगाह पहुंचे। यहां प्रवासियों के रहने और इलाज के लिए सेंटर बनाया गया है।
यूरोप पहुंचने का अहम रास्ता है कैनरी आइलैंड्स
कैनरी आइलैंड्स अटलांटिक महासागर में अफ्रीका के उत्तर-पश्चिमी तट के पास है। यह स्पेन का हिस्सा है। पश्चिमी अफ्रीका के कई देशों से प्रवासी समुद्र के रास्ते यहां पहुंचने की कोशिश करते हैं। यहां पहुंचने के बाद वे स्पेन और यूरोपीय संघ में दाखिल हो जाते हैं।
2024 में 46 हजार से ज्यादा प्रवासी यहां पहुंचे थे। यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा था। बाद में समुद्र में निगरानी बढ़ाने और दूसरे देशों के साथ मिलकर काम करने से प्रवासियों की संख्या कम हुई।
एक दिन में 2,100 प्रवासी पहुंचे
अक्टूबर से कैनरी आइलैंड्स पर प्रवासियों के पहुंचने की संख्या फिर बढ़ने लगी है। इसी हफ्ते एक दिन में रिकॉर्ड 2,100 लोग यहां पहुंचे। इनमें ज्यादातर एल हिएरो द्वीप पर उतरे। इस द्वीप की आबादी करीब 11,400 है।
इस महीने की शुरुआत में अधिकारियों ने यहां इमरजेंसी घोषित की थी। 14 नवंबर को एक ही दिन में करीब 1,500 प्रवासियों को रेस्क्यू किया गया था।
स्पेन के चुनाव में भी बड़ा मुद्दा है प्रवासियों का आना
प्रवासियों की मौत का यह मामला स्पेन के आम चुनाव से दो दिन पहले सामने आया है। देश में रविवार को चुनाव होने हैं और प्रवासियों का मुद्दा चुनाव प्रचार में अहम बना हुआ है।
प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज प्रवासियों के आने को अर्थव्यवस्था के लिए फायदेमंद बताते रहे हैं। वहीं, दक्षिणपंथी दल प्रवासियों के आने पर सख्त पाबंदियां लगाने की मांग कर रहे हैं।


