रामपुर: सर्दियों के मौसम में बथुआ बाजार में आसानी से मिल जाता है. इस मौसम में बथुए से कई तरह के स्वादिष्ट व्यंजन भी बनाए जाते हैं. इन्हीं में से एक है बथुए की खस्ता पूड़ी. इसका स्वाद तो अच्छा होता ही है, साथ ही सरसों के तेल में बनी पूड़ियों की खुशबू भी खाने का मजा बढ़ा देती है. दादी चंद्रावती ने बथुए की पूड़ी बनाने का आसान तरीका बताया है. इसे घर पर मौजूद कुछ चीजों की मदद से आसानी से तैयार किया जा सकता है.
सबसे पहले बथुए को अच्छी तरह साफ करके उबाल लें
दादी बताती हैं कि बथुए की पूड़ी बनाने के लिए सबसे पहले ताजा बथुआ लें. इसकी डंडियां और खराब पत्तियां अलग कर दें. इसके बाद बथुए को अच्छी तरह साफ करके पानी से धो लें. ध्यान रखें कि पत्तियों में मिट्टी न रह जाए. धोने के बाद बथुए को उबालने के लिए रख दें.
आटे में मिलाएं नमक, अजवाइन और हींग
अब जरूरत के हिसाब से गेहूं का आटा लें और उसे अच्छी तरह छान लें. इसमें स्वादानुसार नमक, थोड़ी अजवाइन और हींग मिला दें. सभी चीजों को आटे में अच्छे से मिलाएं. आटे में अजवाइन और हींग मिलाने से पूड़ी का स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाते हैं. अजवाइन हल्का चटपटा स्वाद देती है और खाने को आसानी से पचाने में मदद कर सकती है. वहीं हींग अपनी खास खुशबू और स्वाद के साथ पेट में गैस और भारीपन की परेशानी कम करने में मददगार मानी जाती है. नमक मिलाने से पूड़ी का स्वाद भी अच्छा आता है. इन तीनों चीजों से बथुए की पूड़ी और भी स्वादिष्ट बन जाती है. जब बथुआ उबल जाए तो उसे ठंडा होने दें. इसके बाद बथुए को भी आटे में मिला लें.
गुनगुने पानी से गूंथें आटा, तैयार करें छोटी-छोटी लोइयां
अब बथुआ मिलाने के बाद आटे को गुनगुने पानी की मदद से गूंथ लें. दादी चंद्रावती बताती हैं कि पूड़ी के लिए आटा न ज्यादा सख्त होना चाहिए और न ही ज्यादा नरम. इसे अच्छे से गूंथकर तैयार करें, ताकि पूड़ियां बेलने और तलने में आसानी रहे. आटा तैयार होने के बाद हाथों पर थोड़ा तेल लगा लें.
अब आटे से छोटी-छोटी गोल लोइयां बना लें. इन्हें हाथों की मदद से गोल आकार दें और बेलकर पूड़ियां तैयार कर लें. सभी पूड़ियों को एक तरफ रख लें, ताकि तलते समय जल्दबाजी न हो.
सरसों के तेल में सुनहरा होने तक तलें पूड़ियां
अब कढ़ाई में सरसों का तेल डालकर गर्म करें. दादी के मुताबिक, सरसों के तेल में बनी पूड़ियों का स्वाद और खुशबू अलग ही होती है. सर्दियों में सरसों का तेल खाने में भी खूब इस्तेमाल किया जाता है. तेल गर्म होने पर एक-एक करके पूड़ियां डालें और सुनहरा होने तक तल लें. इस तरह तैयार हो जाएंगी गरमा-गरम और खस्ता बथुए की पूड़ियां.
सर्दियों के नाश्ते में लें गरमा-गरम बथुए की पूड़ी का स्वाद
सर्दियों में बथुए की पूड़ी नाश्ते से लेकर दोपहर के खाने तक कभी भी बनाई जा सकती है. घर पर आसानी से तैयार होने वाली यह पूड़ी स्वाद में लाजवाब होती है. सरसों के तेल में तलने से इसका स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाते हैं. इसे गर्मागर्म परोसने पर खाने का मजा दोगुना हो जाता है.

