टनल प्रोजेक्ट के मजदूरों ने अपर कलेक्टर को ज्ञापन दिया।
कटनी के स्लीमनाबाद में रेलवे टनल प्रोजेक्ट के मजदूरों ने बुधवार दोपहर अपर कलेक्टर से मिलकर पीएफ की बकाया राशि की मांग की। मजदूरों ने बताया कि वे नवंबर 2017 से फरवरी 2023 तक बरगी व्यपवर्तन परियोजना में काम कर रहे थे।
.
प्रोजेक्ट पटेल कंपनी के पास था, जिसने यह काम रॉबिन्स कंपनी को दिया। रॉबिन्स ने मजदूरों की भर्ती और वेतन के लिए सैटर्न फैसिलिटी सर्विसेज को ठेका दिया। सैटर्न फैसिलिटी सर्विसेज हर महीने मजदूरों की मजदूरी से 12 फीसदी राशि पीएफ के नाम पर काटती थी।
मजदूरों का कहना है कि यह पैसा उनके पीएफ खातों में जमा नहीं किया गया। हड़ताल के बाद कुछ मजदूरों का आंशिक पीएफ जमा किया गया। 2023 में सैर्टन फैसिलिटी सर्विसेज को काम से हटा दिया गया।
मजदूरों ने पटेल कंपनी के जीएम, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और श्रम विभाग को शिकायत की। कुछ मजदूरों के खातों में थोड़ी राशि जमा कर दी गई। बाकी मजदूरों को एक सप्ताह में पैसा देने का आश्वासन देकर काम से निकाल दिया गया।
कुल 65 मजदूरों का पीएफ बकाया है। प्रति मजदूर 1 से 2 लाख रुपए की राशि जमा नहीं की गई है। मजदूरों ने चेतावनी दी है कि पैसा नहीं मिलने पर वे परिवार सहित कलेक्ट्रेट में धरना देंगे।

