खंडवा के पुलिस लाइन ग्राउंड में रविवार को मेगा हेल्थ चेकअप कैंप लगाया गया। इस दौरान पुलिसकर्मी और उनके परिवार जनों ने जांचें कराई। जिला अस्पताल व मेडिकल कॉलेज से कई विशेषज्ञ मौजूद थे। दोपहर 3 बजे तक करीब 200 पुलिसकर्मियों ने जांच कराई।
.
इन आंकड़ों में सामने आया कि 49 लोग ऐसे थे, जिनका ब्लड प्रेशर ज्यादा रहा तो वहीं कुछ शुगर की चपेट आ चुके थे।
सिविल सर्जन डॉ. अनिरुद्ध कौशल के मुताबिक कुल 200 रजिस्ट्रेशन में 29 लोग ब्लड प्रेशर और 20 शुगर से ग्रसित थे, यानी हेल्थ कैंप में जांच कराने वाला हर चौथा शख्स बीपी-शुगर से जूझ रहा था।
दिनचर्या में योग, रनिंग करने की सलाह ऐहतियात के तौर उन्हें सलाह दी गई कि एक्सरसाइज करें। बाहर का खाना छोड़ दें, शराब-तंबाकू व किसी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करें। यहां तक कि तेल, शक्कर की मात्रा कम कर दें, खान-पान की जिन चीजों में मिलावट की संभावना है, उनका उपयोग कम करें।
योगा करें, रनिंग को रूटीन में लें, कुल-मिलाकर ज्यादा से ज्यादा डाइट और एक्सरसाइज को महत्व दिया जाए।
एसपी बोले- इंदौर से बुलाएंगे विशेषज्ञ डॉक्टर खंडवा एसपी मनोज कुमार राय ने कहा, शिविर लगाने का उद्देश्य यह कि पिछले एक साल में देखा हैं कि, कुछ पुलिसकर्मियों की ड्यूटी के दौरान अचानक मौत हो गई। उनकी मेडिकल हिस्ट्री भी ठीक नहीं थी, कई लोग ब्लड प्रेशर और शुगर वाले थे।
इसी को फोकस में रखते हुए कैंप लगाया गया। आज जो लोग चिह्नित किए हैं, उन पुलिसकर्मियों के इलाज के लिए एक्सपर्ट से ओपिनियन लेंगे। वहीं सेकेंड फेज में इंदौर से एक्सपर्ट डॉक्टर बुलाएंगे, ताकि बेहतर ओपिनियन मिल सकें।
पुलिसकर्मी स्वस्थ रहेंगे, जो सेवा कार्य हैं, वो और मजबूती से करेंगे।
शिविर में कई विशेषज्ञ, अधिकारी मौजूद रहे जिला स्तरीय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन पुलिस लाइन खंडवा में रखा गया हैं। शिविर में सभी पुलिस के अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवारजनों बुलाए गए और 200 से ज्यादा लोगों ने स्वास्थ्य शिविर का लाभ लिया।
इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. अनिरुद्ध कौशल, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. लक्ष्मी डूडवे, डॉ. रश्मि कौशल, जिला अस्पताल के आरएमओ डॉ. एमएल कलमें, वहीं कई विशेषज्ञ ने सेवाएं दी। एसपी मनोज कुमार राय, एडिशनल एसपी राजेश रघुवंशी, महेंद्र तारणेकर भी पहुंचे। इस दौरान प्रभारी आरआई सूबेदार धरम जामोद ने व्यवस्था संभाली।

