Saturday, September 12, 2026
Homeबिज़नेस₹32,940 या ₹36,000? 1.83 या 2.0 हुआ फिटमेंट फैक्टर तो कितनी बढ़ेगी...

₹32,940 या ₹36,000? 1.83 या 2.0 हुआ फिटमेंट फैक्टर तो कितनी बढ़ेगी आपकी सैलरी?


नई दिल्‍ली. केंद्र सरकार के 1 करोड़ से अधिक कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के बीच इन दिनों सिर्फ एक ही चर्चा है. 8वां वेतन आयोग (8th CPC) और नया फिटमेंट फैक्टर. आयोग की चेन्नई में बैठक में पेंशनर्स एसोसिएशन (AIFPA) ने 3.83 के फिटमेंट फैक्टर की मांग रखी है. हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि इस मांग को सरकार शायद ही स्‍वीकार करे. ज्‍यादा संभावना इस बात की है कि फिटमेंट फैक्‍टर 1.83 से 2.00 के दायरे में रहेगा. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर यह दायरा तय हुआ, तो आपकी इन-हैंड और बेसिक सैलरी में कितना उछाल आएगा? क्या न्यूनतम बेसिक वेतन ₹32,940 होगा या सीधे ₹36,000 के पार पहुंचेगा?

वेतन आयोग के गठन की समयसीमा के अनुसार, आयोग को अपनी रिपोर्ट तैयार करने में करीब 18 महीने का समय लगता है. ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि आयोग अपनी सिफारिशें 2027 की पहली छमाही तक केंद्र सरकार को सौंप सकता है, जिसके बाद कैबिनेट की मुहर लगते ही नई दरें प्रभावी होंगी. आयोग इस समय कर्मचारियों के साथ बैठकें कर रहा है. आयोग केवल बेसिक पे ही नहीं, बल्कि महंगाई भत्ता (DA/DR), मकान किराया भत्ता (HRA), इंक्रीमेंट और प्रमोशन नियमों की भी नए सिरे से समीक्षा कर रहा है.

फिटमेंट फैक्टर: सैलरी बढ़ाने वाला असली फॉर्मूला

फिटमेंट फैक्टर वह जादुई मल्टीप्लायर है, जिससे तय होता है कि पिछले वेतन आयोग से नए वेतन आयोग में जाने पर आपका बेसिक पे कितना गुना बढ़ेगा.

कैलकुलेशन का नियम: मौजूदा बेसिक पे × फिटमेंट फैक्टर = नया बेसिक पे

7वें वेतन आयोग ने 2.57 का फिटमेंट फैक्‍टर दिया था. इससे लेवल-1 का न्यूनतम बेसिक वेतन ₹7,000 से छलांग लगाकर ₹18,000 प्रति माह हो गया था.

1.83 या 2.00 हुआ फिटमेंट फैक्‍टर तो कितनी बढ़ेगी बेसिक पे

पे-मैट्रिक्स के शुरुआती स्तरों पर फिटमेंट फैक्टर का सीधा असर न्यूनतम वेतन में भारी बढ़ोतरी के रूप में दिखेगा. वर्तमान में लेवल 1 के कर्मचारियों का बेसिक वेतन ₹18,000 है, जो 1.83 फिटमेंट फैक्टर लागू होने पर ₹32,940 और 2.00 फिटमेंट फैक्टर लागू होने पर सीधे ₹36,000 हो जाएगा. लेवल 2 के कर्मचारियों की मौजूदा बेसिक ₹19,900 से बढ़कर 1.83 फैक्टर पर ₹36,417 और 2.00 फैक्टर पर ₹39,800 तक पहुंच सकती है. लेवल 3 के तहत वर्तमान ₹21,700 का वेतन 1.83 फैक्टर के साथ ₹39,711 और 2.00 फैक्टर के साथ ₹43,400 होने का अनुमान है. लेवल 4 के कर्मचारियों का बेसिक पे ₹25,500 से उछलकर क्रमशः ₹46,665 या ₹51,000 हो सकता है, जबकि लेवल 5 के कर्मचारियों का मौजूदा ₹29,200 का वेतन 1.83 के हिसाब से ₹53,436 और 2.00 के हिसाब से ₹58,400 पर पहुंच जाएगा.

लेवल 6 से लेवल 10 तक में आने वाले कर्मचारियों की भी होगी बल्‍ले-बल्‍ले

लेवल 6 पर कार्यरत कर्मचारियों का मौजूदा ₹35,400 का बेसिक वेतन 1.83 फिटमेंट फैक्टर पर ₹64,782 और 2.00 फिटमेंट फैक्टर पर ₹70,800 तक बढ़ सकता है. लेवल 7 के कर्मचारियों का वर्तमान बेसिक ₹44,900 से बढ़कर 1.83 फैक्टर पर ₹82,167 और 2.00 फैक्टर पर ₹89,800 होने की संभावना है. सबसे बड़ा बदलाव लेवल 10 यानी अधिकारी स्‍तर पर देखने को मिलेगा, जहां वर्तमान मूल वेतन ₹56,100 है. 1.83 फिटमेंट फैक्टर लागू होते ही यह छह अंकों को पार करते हुए ₹1,02,663 और 2.00 फिटमेंट फैक्टर लागू होने पर ₹1,12,200 प्रति माह पर पहुंच जाएगा.

लेवल 13 के वरिष्ठ अधिकारियों का वर्तमान मूल वेतन ₹1,23,100 है, जो 1.83 फिटमेंट फैक्टर के आधार पर ₹2,25,273 और 2.00 के फिटमेंट फैक्टर पर ₹2,46,200 हो जाएगा. वहीं लेवल 18 पर, जहां मौजूदा बेसिक वेतन ₹2,50,000 है, 1.83 फिटमेंट फैक्टर लागू होने पर यह बढ़कर ₹4,57,500 हो जाएगा, जबकि 2.00 फिटमेंट फैक्टर के तहत यह दोगुना होकर सीधे ₹5,00,000 प्रति माह के आंकड़े को छू लेगा.



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments