Saturday, April 11, 2026
Homeराज्यउत्तरप्रदेश1.42 लाख 'नो-मैपिंग' मतदाताओं पर प्रशासन की नजर: SIR-2026 पुनरीक्षण को...

1.42 लाख ‘नो-मैपिंग’ मतदाताओं पर प्रशासन की नजर: SIR-2026 पुनरीक्षण को लेकर डीएम ने की राजनीतिक दलों संग बैठक – Ballia News




बलिया में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण–2026 के अंतर्गत दावे और आपत्तियां प्राप्त करने के संबंध में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। जिलाधिकारी ने बताया कि दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अवधि 06 जनवरी से 06 फरवरी तक निर्धारित की गई है। जनपद के सातों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में पहले 25,10,596 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से मृतक, स्थानांतरित, डुप्लीकेट या अन्य कारणों से 4,55,976 मतदाताओं के नाम विलोपित किए गए। 06 जनवरी को प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावली में अब 20,54,620 मतदाता दर्ज हैं, जिनमें 11,47,074 पुरुष, 9,07,473 महिला और 72 अन्य मतदाता शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि इन मतदाताओं में से 1,42,121 मतदाता “नो-मैपिंग” श्रेणी में हैं। इन मतदाताओं ने गणना प्रपत्र में स्वयं या अपने संबंधियों (माता-पिता, दादा-दादी, नाना-नानी) से संबंधित वर्ष 2003 के पिछले एसआईआर का विवरण उपलब्ध नहीं कराया है। ऐसे मतदाताओं को नोटिस जारी कर संबंधित सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा सुनवाई के बाद नाम बनाए रखने या विलोपित करने का निर्णय लिया जाएगा। नो-मैपिंग वाले मतदाताओं को नोटिस तामील कराने की प्रक्रिया जारी है, जिसे बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) द्वारा फोटो सहित बीएलओ ऐप पर अपलोड किया जा रहा है। सुनवाई के दौरान आयोग द्वारा निर्धारित साक्ष्य प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। यदि साक्ष्य अन्य जनपद या प्रदेश से निर्गत हैं, तो उनका सत्यापन भी कराया जाएगा। सभी राजनीतिक दलों से अपील की गई कि वे अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से नो-मैपिंग वाले मतदाताओं को जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक योग्य मतदाताओं का नाम निर्वाचक नामावली में बना रहे। अधिकारियों ने यह भी बताया कि यदि किसी योग्य मतदाता का नाम त्रुटिवश विलोपित हो गया है, तो वह फार्म-6 को नियत घोषणा-पत्र के साथ भर सकता है। फार्म-6 ऑनलाइन भरने की सुविधा voters.eci.gov.in पर उपलब्ध है। फार्म-6 और घोषणा-पत्र भरने की प्रक्रिया का ऑन-स्क्रीन डेमो भी प्रदर्शित कर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रशिक्षित किया गया। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण–2026 के तहत जारी नोटिसों की तामिला को लेकर राजनीतिक दलों से फीडबैक भी लिया गया। प्रतिनिधियों ने बताया कि बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा संबंधित निर्वाचकों को नोटिस की तामिला की जा रही है। इस अवसर पर एडीएम अनिल कुमार, शशिकांत, सहायक निर्वाचन अधिकारी अख्तर एवं सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments