रतलाम में बुधवार सुबह दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। रेलिंग कार की फ्रंट सीट से घुसते हुए अंदर बैठे बच्चे के शरीर को चीरते हुए दूसरी तरफ निकल गई। हादसे में 13 साल के बेटे और 6 साल की बेटी की मौत हो गई। उनके माता-पिता घायल हैं। कार गुजरात नंबर की थी। इसमें सवार परिवार गुजरात के बड़ौदा से उत्तर प्रदेश के उन्नाव जा रहा था। हादसा जावरा के बड़ायला चौराहे के पास हुआ। हादसे के समय कार की स्पीड करीब 100Kmph थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जावरा अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद की कुछ तस्वीरें देखिए… यूपी का रहने वाला है परिवार, पिता गुजरात में फार्मा कंपनी में डिप्टी मैनेजर मृतक बच्चों की पहचान 6 साल की बेटी विधि वर्मा और 13 साल के बेटे सागर वर्मा के रूप में हुई है। उनके पिता राजाबाबू वर्मा गुजरात के हारौल में एक फार्मा कंपनी में डिप्टी मैनेजर हैं। वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के उन्नाव के रहने वाले हैं। हादसे में उनकी पत्नी रिशु वर्मा (42) भी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। एयरबैग खुलने से पहले ही रेलिंग कार के अंदर घुस गया पिता राजाबाबू वर्मा ने बताया कि वे गुजरात के हारोल में रहते हैं। बुधवार सुबह 4:30 बजे परिवार के साथ अपने गांव जाने के लिए निकले थे। कार वे खुद चला रहे थे और उसकी रफ्तार करीब 100 किमी प्रति घंटे थी। बेटा सागर आगे की सीट पर बैठा था, जबकि पत्नी और बेटी पीछे बैठी थीं। उन्होंने बताया कि कार में एयरबैग भी थे, लेकिन टक्कर इतनी जोरदार थी कि सड़क किनारे लगी रेलिंग का लोहे का हिस्सा कार के अंदर घुस गया। इसका एक हिस्सा बेटे सागर के शरीर को चीरते हुए दूसरी तरफ निकल गया, जबकि दूसरा हिस्सा बेटी के सिर में जा लगा। हादसे में दोनों बच्चों की मौत हो गई। पिता बोले- समय पर इलाज मिलता तो बेटी की जान बच सकती थी राजाबाबू ने हाईवे पर समय पर इलाज की सुविधा नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि 8 लेन हाईवे के आसपास कोई अस्पताल या स्वास्थ्य सुविधा नहीं थी। अगर समय पर इलाज मिल जाता तो शायद उनकी बेटी की जान बच सकती थी। फिलहाल, बेटे का शव जावरा में रखा है, जबकि घायल पत्नी मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं।
Source link

