Last Updated:
Makhana Matar Sabji Recipe: वेजिटेरियंस के पास खास खाने के नाम पर केवल पनीर ही होता है. हालांकि अगर आप पनीर या मशरूम नहीं खाना चाहते तो एक बार मखाना-मटर की ये सब्जी ट्राय करें. ये टेस्ट में तो रिच होती ही है साथ ही पोषण से भरपूर भी होती है. इसमें कैल्शियम, प्रोटीन, फाइबर, मिनरल कूट-कूटकर भरा होता है. जानिए ईजी रेसिपी.
अगर आपक भी अपने खाने की थाली में कुछ नया-नया और मजेदार चाहिए तो मखाना-मटर की सब्जी से बेहतर विकल्प और क्या होगा. यह डिश न सिर्फ स्वाद में लाजवाब है बल्कि सेहत के लिहाज से भी सुपरहिट है. मखाने में कैल्शियम, प्रोटीन और फाइबर भरपूर होता है, वहीं मटर में मौजूद विटामिन और मिनरल्स सब्जी को हेल्दी बना देते हैं.

इसके लिए आपको चाहिए – 1 कप मखाना, 1 कप हरी मटर (ताजी या फ्रोजन), 2 प्याज बारीक कटे, 2 टमाटर की प्यूरी, 1 हरी मिर्च, अदरक-लहसुन का पेस्ट, ½ कप दही या मलाई, 2 चम्मच तेल/घी और मसाले – हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला और नमक. सजाने के लिए हरी धनिया तो जरूरी है ही.

सबसे पहले एक कढ़ाई में थोड़ा सा घी डालकर मखानों को हल्का सुनहरा होने तक भून लें. अब इन्हें अलग बाउल में निकालकर रख दें. अब उसी कढ़ाई में तेल गर्म करें और उसमें जीरा तड़काएं. फिर प्याज डालकर सुनहरा भूरा होने तक भूनें. इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें और थोड़ी देर चलाएं.

अब टमाटर की प्यूरी और मसाले डालकर तब तक पकाएं जब तक मसाले से तेल अलग न होने लगे. इस ग्रेवी में हरी मटर डालकर थोड़ा पानी डालें और ढककर 5 मिनट पकाएं जब मटर नरम हो जाए तो इसमें भुने हुए मखाने डालें और ऊपर से दही या मलाई डालकर 2-3 मिनट धीमी आंच पर पकाएं.

अब गैस बंद करके ऊपर से गरम मसाला और हरी धनिया छिड़क दें. लीजिए, तैयार है आपकी झटपट बनने वाली लेकिन लाजवाब मखाना-मटर की सब्ज़ी.

इस सब्जी का स्वाद इतना शानदार होता है कि चाहे गरमागरम रोटी हो या चावल, दोनों के साथ इसका संग अद्भुत लगता है. मेहमानों को परोसिए तो तारीफ के पुल बांधेंगे और परिवार को खिलाइए तो हर कोई कहेगा – “वाह, आज तो खाना स्पेशल है.”

तो अगली बार जब भी रसोई में कुछ मज़ेदार और हेल्दी बनाने का मन करे, मखाना-मटर की सब्ज़ी को ज़रूर ट्राई कीजिए. यकीन मानिए, एक बार खाने के बाद यह सब्जी आपकी फेवरेट लिस्ट में शामिल हो जाएगी.

