बालाघाट। नगर पालिका अध्यक्ष भारती ठाकुर ने कांग्रेस पार्षदों के अनिश्चितकालीन सत्याग्रह आंदोलन को ‘पब्लिसिटी स्टंट’ बताया है। उन्होंने विकास कार्यों में अनदेखी, भेदभाव और तानाशाही के विपक्षी आरोपों को बेबुनियाद करार दिया है।
.
विपक्षी कांग्रेस 3 अक्टूबर से नगर पालिका के सामने अनिश्चितकालीन सत्याग्रह आंदोलन कर रही है। कांग्रेस पार्षदों और विधायक अनुभा मुंजारे ने नपाध्यक्ष पर शहर के विकास कार्यों में मनमानी, भेदभाव और तानाशाही का आरोप लगाया है।
नपाध्यक्ष भारती ठाकुर ने कहा कि प्रस्ताव क्रमांक 11 के विकास कार्यों को लेकर लगाए गए आरोप निराधार हैं। उन्होंने बताया कि परिषद में प्रस्ताव क्रमांक 11 शहर के सभी 33 वार्डों में काम करने के उद्देश्य से लाया गया था। सभी पार्षदों से विचार-विमर्श के बाद यह प्रस्ताव पारित किया गया था, जिसका बजट साढ़े चार करोड़ रुपये था।
उन्होंने आगे बताया कि पार्षद एक साथ टीएस (तकनीकी स्वीकृति) कराने पर सहमत नहीं थे, वे अलग-अलग टीएस चाहते थे, जिसमें अधिक समय लगता। सीएमओ ने सभी पार्षदों को सूचित किया था कि टीएस के लिए फाइल ऑनलाइन भेजी गई है। अब यह तय किया गया है कि अलग-अलग टीएस नहीं कराए जाएंगे। शरद पूर्णिमा के बाद टीएस होकर निविदाएं जारी कर दी जाएंगी।
नपाध्यक्ष ने दावा किया कि निकाय निधि से सर्वाधिक कार्य उनके कार्यकाल में हुए हैं। उन्होंने विधायक अनुभा मुंजारे पर विधायक निधि से शहरी क्षेत्रों के वार्डों में काम कराने में भेदभाव का आरोप भी लगाया। भारती ठाकुर ने कहा कि वे सभी वार्डों के प्रति समान दृष्टि रखती हैं और विपक्ष का यह आंदोलन केवल सुर्खियों में आने का एक तरीका है।



