मुंगेर जिला प्रशासन ने विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारियों को गति देते हुए किला क्षेत्र का निरीक्षण किया है। इस दौरान नामांकन स्थल के आसपास सड़क किनारे से अस्थायी फुटकर दुकानों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
.
शनिवार को खास महल पदाधिकारी और सदर अंचल अधिकारी (सीओ) अंजली कुमारी ने जिला मुख्यालय स्थित किला क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया। यह कार्रवाई चुनावी प्रक्रिया को सुचारु बनाने के उद्देश्य से की गई।
जनता की परेशानियों को लेकर चलाया जा रहा अभियान
सदर सीओ अंजली कुमारी ने बताया कि चुनावी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जो 17 अक्टूबर तक चलेगी। इस अवधि में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की गई है।
नामांकन स्थल और उसके आसपास के क्षेत्र को पूरी तरह स्वच्छ और अतिक्रमण-मुक्त बनाया जा रहा है, ताकि उम्मीदवारों और आम जनता को आवागमन में कोई कठिनाई न हो।
अतिक्रमण हटाने में जुटे कर्मी।
दोबारा अतिक्रमण करने पर होगी कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान सीओ ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र में मौजूद सभी अस्थायी निर्माण और अवैध ठेला-पटरी को शीघ्र हटाया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि दोबारा अतिक्रमण पाया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से भी निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
इस मौके पर राजस्व पदाधिकारी प्रभात कुमार, सदर अमीन विनोद कुमार सिंह और राजस्व कर्मचारी राजीव कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। सुरक्षाकर्मियों ने क्षेत्र में गश्त कर स्थिति का जायजा लिया और आमजन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दुकानदारों से सहयोग की अपील की
प्रशासन की यह पहल आगामी विधानसभा चुनाव के लिए की जा रही व्यापक तैयारियों का हिस्सा है। स्वच्छ वातावरण और सुव्यवस्थित माहौल में नामांकन प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए नगरपालिका से भी समन्वय स्थापित किया जा रहा है। स्थानीय निवासियों और दुकानदारों से चुनाव आचार संहिता का पालन करने और प्रशासनिक कार्यों में सहयोग देने की अपील की गई है।
मुंगेर में चुनावी हलचल तेज होने के साथ ही प्रशासन निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने की दिशा में एकजुट होकर कदम बढ़ा रहा है।

