नई दिल्ली के इंदिरा गांधी भवन के बाहर पत्रकारों से बातचीत करते सांसद दीपेंद्र हुड्डा।
हरियाणा में कांग्रेस संविधान बचाने और वोट चोरी के मुद्दे पर हर जिले में एक-एक बड़ा प्रदर्शन करेगी। इसकी शुरुआत करनाल से होगी। इसके बाद अलग-अलग जिलों में यह कार्यक्रम होंगे। दिल्ली के इंदिरा भवन में हरियाणा कांग्रेस के नेताओं की बैठक में यह फैसला लिया
.
बैठक में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी बीके हरि प्रसाद, सह प्रभारी जितेंद्र बघेल, प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद कुमारी सैलजा, सांसद दीपेंद्र हुड्डा सहित कई नेता मंच पर बैठे नजर आए।
बैठक के बाद पूर्व कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “हरियाणा में जिस व्यापक स्तर पर चुनाव आयोग ने भाजपा से मिलीभगत करके मतदाता सूची में हेरफेर करने का काम किया है, उससे ये साबित हो गया है कि मुख्य चुनाव आयुक्त भाजपा के मुख्य पन्ना प्रमुख की भूमिका में हैं।
प्रजातंत्र को बचाने के लिए हम लड़ाई लड़ेंगे जिसके लिए हमने विस्तृत कार्यक्रम तय किए हैं। हर जिले में प्रदर्शन किए जाएंगे। हर जिले में कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़कों पर निकलेंगे और लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ाई लड़ेंगे।”
वहीं कांग्रेस की इस बैठक में सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, कांग्रेस प्रदेश कार्यकारिणी के अलावा जिलाध्यक्ष भी शामिल हुए। राहुल गांधी के वोट चोरी को लेकर उठाए मुद्दे को कांग्रेस पूरे हरियाणा में उठाने जा रही है।
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे।
राहुल गांधी के हरियाणा को लेकर 2 बड़े बयान….
- 8 सीटों पर 22,779 वोट से हारे : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 3 महीने पहले अलग-अलग राज्यों में वोटर लिस्ट में गड़बड़ी होने के आरोप लगाए थे। 1 घंटे 11 मिनट तक उन्होंने 22 पेज का प्रेजेंटेशन दिया। इस प्रेजेंटेशन में उन्होंने हरियाणा का भी 1 मिनट तक जिक्र किया था। स्क्रीन पर हरियाणा का मैप दिखाते हुए राहुल गांधी ने कहा था- ‘2024 में हुए हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 8 सीटों पर महज 22 हजार 779 वोट से पूरा स्टेट हार गई।’ राहुल गांधी ने मैप पर कांग्रेस और भाजपा की जीती हुई सीटें भी दिखाईं। राहुल ने आगे कहा कि हरियाणा की एक विधानसभा में एक लाख वोट बढ़ गए। ऐसे में आप सोच सकते हैं कि यहां कितना फर्जीवाड़ा हुआ है। एक विधानसभा में ही 12 से 15% वोट बढ़ गए और यह वोट तब और अहमियत रखते हैं जब चुनाव में जीत-हार का अंतर 2 से 4% वोटों के बीच का हो।
- अब कहा-ब्राजीलियन मॉडल ने 22 बार वोट डाला : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पिछले बुधवार (5 नवंबर) को वोट चोरी के मुद्दे पर दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। राहुल ने कहा था कि हरियाणा की वोटर लिस्ट में ब्राजीलियन मॉडल है। सोनीपत जिले की राई विधानसभा क्षेत्र के 10 अलग-अलग बूथों पर 22 वोट डाले गए हैं। वोटर लिस्ट में फोटो मॉडल की है, जबकि कहीं उसका नाम स्वीटी, विमला और अन्य है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि हरियाणा में 3.5 लाख वोटर्स का नाम लिस्ट से काट दिया गया था। राहुल ने कहा था कि पलवल जिला परिषद उपाध्यक्ष भाजपा नेता उमेश के मकान नंबर 150 पर 66 वोट हैं। होडल में मकान नंबर 265 पर 501 और राई में मकान नंबर 1904 पर 108 वोट हैं। आयोग वेरिफिकेशन नहीं करता।

4 जून 2025 को राहुल गांधी ने चंडीगढ़ में कांग्रेस नेताओं की बैठक ली थी।
लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने BJP को कड़ी टक्कर दी हरियाणा में विधानसभा चुनाव से ठीक 5 महीने पहले मई में लोकसभा चुनाव के लिए वोटिंग हुई थी। इस चुनाव में भाजपा और कांग्रेस ने 5-5 सीटें जीतीं। भाजपा को 46.11% वोट मिले, जबकि कांग्रेस को 43.67% वोट मिले। 2019 लोकसभा चुनाव के मुकाबले इस चुनाव में भाजपा का वोट शेयर 12.09% घट गया था, वहीं कांग्रेस का वोट शेयर 15.25% बढ़ गया था।
2014 के बाद, राज्य में भाजपा का यह सबसे कमजोर प्रदर्शन रहा था। पार्टी ने 2014 की मोदी लहर में प्रदेश की 10 में से 7 और 2019 में सभी 10 सीटें जीती थी। 2024 में भाजपा 5 सीटें गंवा बैठी थी। दूसरी ओर, कांग्रेस की बात करें तो उसने पिछले 10 बरसों में अपना सबसे अच्छा प्रदर्शन किया।
2014 में पार्टी सिर्फ रोहतक सीट जीत पाई थी और 2019 में वह भी गंवा दी। 2024 में कांग्रेस ने वापसी करते हुए 5 सीटों पर कब्जा जमाया। कांग्रेस ने रोहतक, सोनीपत, हिसार, सिरसा और अंबाला सीट जीती। इसके अलावा भाजपा ने करनाल, कुरुक्षेत्र, गुरुग्राम, फरीदाबाद और भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट जीती।

