बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना को लेकर पुलिस मुख्यालय पूरी तरह सतर्क है। पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) को सख्त निर्देश दिए हैं कि मतगणना के दौरान और उसके बाद शांति व्यवस्था हर हाल में बनी रहनी चाहिए।
.
डीजीपी ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने अप्रिय घटनाओं से बचने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।
सभी मतगणना केंद्रों पर स्थानीय पुलिस के साथ-साथ अर्धसैनिक बल की भी भारी तैनाती की जाएगी। प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध या असामाजिक तत्व को तुरंत पहचाना और पकड़ा जा सके।
किसी भी तरह के विजय जुलूस निकालने की अनुमति नहीं है
डीजीपी विनय कुमार ने कहा, “कानून तोड़ने की कोशिश करने वालों को तत्काल गिरफ्तार किया जाएगा और उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।”
चुनाव परिणामों के बाद अक्सर होने वाले विजय जुलूसों पर भी इस बार रोक लगा दी गई है। डीजीपी ने साफ कहा कि किसी भी तरह के विजय जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी। आदेश का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति या समूह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस मुख्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ न केवल प्राथमिकी (FIR) दर्ज की जाएगी, बल्कि स्पीडी ट्रायल के माध्यम से उन्हें जल्द से जल्द सजा भी दिलाई जाएगी। सभी जिलों को निर्देश दिया गया है कि कानून व्यवस्था से जुड़ी किसी भी स्थिति पर तुरंत कार्रवाई करें और उसकी रिपोर्ट मुख्यालय को भेजें।
जनता से अपील-घर पर रहें, टीवी पर देखें नतीजे
डीजीपी ने राज्य के मतदाताओं और राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का पर्व है, इसे सौहार्द्र और अनुशासन के साथ मनाना चाहिए। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया, “अपने परिजनों के साथ घर पर रहें, टीवी या डिजिटल माध्यमों से नतीजे देखें। मतगणना केंद्रों पर भीड़ न लगाएं और किसी के उकसावे या भ्रामक खबरों में आकर कानून न तोड़ें।”

