फैजी खान | हरदोई2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
हरदोई पुलिस ने शाहजहांपुर में हुई लूट के मामले में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किया गया, जिसके जवाब में हुई मुठभेड़ में एक बदमाश को गोली लगी। तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि शाहजहांपुर लूटकांड में शामिल हरदोई के बदमाश रविवार को एक नई वारदात को अंजाम देने वाले हैं। छह नवंबर को शाहजहांपुर के सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र में खाद्य सचिव से तीन लाख रुपये की लूट हुई थी। इस मामले में पहले ही दो बदमाश पकड़े जा चुके थे, जिन्होंने हरदोई के अन्य चार बदमाशों की जानकारी दी थी।

लोकेशन ट्रैक करते हुए पुलिस टीम पिहानी चुंगी पहुंची, जहां कोतवाली देहात के पटवारी निवासी निजामुद्दीन गाजी, अरमान गाजी और झबरापुरवा के अब्बास गाजी बाइक पर आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर गोली चला दी।
पुलिसकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पीछा किया। इस दौरान पुलिस ने बाइक पर पीछे बैठे निजामुद्दीन और अरमान गाजी को पकड़ लिया। हालांकि, बाइक चला रहा अब्बास गाजी मौके से फरार होने में सफल रहा।

फरार अब्बास गाजी हरदोई-शाहजहांपुर बॉर्डर पर फिर पुलिस के सामने आ गया। उसने एक बार फिर पुलिस टीम पर गोली चलाई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में अब्बास के सीने में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, अब्बास एक बड़ा अपराधी है और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
सीओ सिटी अंकित मिश्र ने बताया कि तीनों गिरफ्तार बदमाशों, निजामुद्दीन गाजी, अरमान गाजी और अब्बास गाजी के खिलाफ कोतवाली शहर में जानलेवा हमला का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश दिया है।

