शेखपुरा के बरबीघा थाना क्षेत्र के मधेपुर गांव में एक 19 वर्षीय इंटर छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर बरबीघा थाना अध्यक्ष गौरव कुमार और पुलिस सब इंस्पेक्टर रणधीर कुमार धीरज के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल शेखपुरा भेज दिया है।
रविश बिहारशरीफ में रहकर करता था पढ़ाई
मृतक की पहचान नालंदा के हरनौत थाना क्षेत्र के अली नगर गांव निवासी शिव चरण महतो के इकलौते पुत्र रविश कुमार के रूप में हुई है। रविश इंटर का छात्र था और बिहारशरीफ में रहकर पढ़ाई करता था।
रविश की फाइल फोटो।
थाना अध्यक्ष गौरव कुमार ने बताया कि छठ पर्व से पहले मृतक के नाना रामप्रसाद महतो उर्फ राय जी का पैर टूट गया था। रविश छठ से पहले अपने नाना की देखभाल करने ननिहाल आया था और तब से वहीं रह रहा था।
परिजनों ने फंदे से लटका देख पुलिस को दी सूचना
पुलिस के अनुसार युवक ने अपनी नानी से खाट की मरम्मत के लिए रस्सी मांगी थी। इसके बाद वह घर के कमरे में गया और उसी रस्सी से फांसी का फंदा लगाकर छत से झूल गया। जब परिजनों ने उसे फंदे से लटका देखा तो उन्होंने स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मृतक के शव के पास से बरामद किया मोबाइल
घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। हालांकि, कुछ अन्य सूत्रों ने युवक की आत्महत्या का कारण प्रेम प्रसंग बताया है। पुलिस फिलहाल मामले की छानबीन कर रही है।
थाना अध्यक्ष ने बताया कि इस संबंध में थाने में एक यूडी (अननैचुरल डेथ) केस दर्ज किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि घटना के संबंध में अब तक पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस ने मृतक के शव के पास से उसका मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

