उन्नाव4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
आरटीओ दफ्तर से स्कूल वैन की टूल किट गायब हो गई।
उन्नाव के आरटीओ कार्यालय में सीज वाहनों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। एक स्कूल वैन की घटना ने कार्यालय प्रशासन की लापरवाही को उजागर किया है। आरटीओ प्रवर्तन अधिकारी अरविन्द सिंह ने 23 जुलाई 2024 को अधूरे दस्तावेजों के कारण एक वाहन को सीज कर कार्यालय में रखवाया था।
न्यायालय से रिहाई आदेश लेकर जब वाहन स्वामी अपनी गाड़ी लेने पहुंचा, तो वह स्टार्ट नहीं हुई। जांच में पता चला कि वाहन की बैटरी गायब थी। साथ ही टूल किट, जैक, पाना और रिंच जैसे उपकरण भी नहीं मिले।
वाहन स्वामी के पास वीडियो साक्ष्य हैं, जो दिखाते हैं कि जेसीबी से जानबूझकर वाहन को नुकसान पहुंचाया गया। जब इस मामले में आरटीओ अरविन्द सिंह और अधिकारी श्वेता वर्मा से संपर्क किया गया, तो उन्होंने सीज वाहनों की सुरक्षा से अपनी जिम्मेदारी से इनकार कर दिया।
अधिकारियों के इस रवैये से आहत वाहन स्वामी ने मुख्यमंत्री और अन्य सक्षम अधिकारियों को शिकायती पत्र भेजा है। साथ ही न्यायालय में भी गुहार लगाई है। यह घटना कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और जवाबदेही पर सवाल खड़े करती है।

