रायसेन जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने थाना कोतवाली प्रभारी और यातायात प्रभारी को निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों में पुलिस को अब रोज शाम के समय सड़कों पर गश्त करने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए यातायात पॉइंट बदलने को कहा गया
.
पुलिस अधीक्षक ने थाना कोतवाली प्रभारी से कहा कि वे अपने थाना क्षेत्र में रोज शाम को पुलिस गश्त सुनिश्चित करें। विशेष रूप से संवेदनशील क्षेत्रों का पुलिस द्वारा प्रतिदिन निरीक्षण किया जाएगा ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने थाना क्षेत्र में विशेष रूप से साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए। थाना परिसर में वाहनों को भी व्यवस्थित तरीके से खड़ा करने के लिए थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया है।
यातायात पॉइंट बदलने के लिए कहा एसपी गुप्ता ने यातायात प्रभारी लता मालवीय को शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु और व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में पहले जो यातायात पॉइंट लगते थे, अब उन पॉइंटों को बदलकर नए स्थानों पर लगाया जाए, जिससे यातायात व्यवस्था और बेहतर हो सके।
दरअसल, एसपी आशुतोष गुप्ता ने गुरुवार दोपहर को थाना कोतवाली, एसडीओपी कार्यालय, यातायात कार्यालय, महिला थाना और अजाक थाने का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने थाना कोतवाली के आवास में भी पहुंचकर उसके रखरखाव के विषय में एसडीओपी प्रतिभा शर्मा और थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल से जानकारी ली।
थाना प्रभारी से मालखाने की जानकारी ली निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना में स्थित शाखा, हवालात और विवेचना कक्ष का भी जायजा लिया। उन्होंने थाना प्रभारी से मालखाने की जानकारी ली और थाना परिसर में विशेष साफ-सफाई रखने के निर्देश दोहराए। एसपी ने यह भी कहा कि थाना कोतवाली में पहुंचने वाले फरियादियों से पुलिस अच्छा और प्रेमपूर्वक व्यवहार करें, उनकी समस्या सुने और उन्हें संतुष्ट करें। साथ ही, असामाजिक तत्वों पर विशेष रूप से नजर रखने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने महिला थाना प्रभारी निशा अहिरवार को महिलाओं की सुरक्षा और गंभीर मामलों में तत्परता के साथ कार्रवाई करने तथा निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला सुरक्षा को लेकर स्कूल-कॉलेज के पास महिला थाना की पुलिस को भ्रमण करने और छात्राओं से उनकी समस्याएं सुनने के भी निर्देश दिए।

