दानिश,हापुड़।2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
हापुड़ में ई-रिक्शा चालकों पर पुलिस द्वारा कथित उत्पीड़न के खिलाफ कांग्रेस ने आवाज उठाई है। कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष/कोऑर्डिनेटर नरेश भाटी ने आरोप लगाया कि पुलिस बिना किसी उचित कारण के ई-रिक्शा चालकों को पीट रही है, उनके वाहन जब्त कर रही है और जुर्माना वसूल रही है। इस दौरान सीओ यातायात राहुल यादव को ज्ञापन सौंपा।
जिला अध्यक्ष नरेश भाटी ने कहा कि ई-रिक्शा गरीब परिवारों की आजीविका का एकमात्र साधन है। उन्होंने दावा किया कि पुलिस की यह कार्रवाई इन परिवारों की आर्थिक स्थिति को खराब कर रही है। कांग्रेस पार्टी ने इस कथित उत्पीड़न की निंदा करते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनकी मुख्य मांगों में ई-रिक्शा चालकों पर हो रहे उत्पीड़न को तुरंत रोकना, जब्त किए गए ई-रिक्शों को बिना शर्त वापस करना और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए एक उच्च स्तरीय जांच आयोग का गठन करना शामिल है।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष इरफान अहमद ने कहा कि एक तरफ सरकार गरीबों के कल्याण की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ उनकी आजीविका छीनने का काम कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और इस मामले को विधानसभा में उठाएगी।
इस दौरान विकास त्यागी (प्रदेश महासचिव, सेवादल), राजकुमार जौहरी और खुशनूद अली सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद थे।

