झाड़ियों में छिपी बाघिन के हमले से महिला की मौत, मौके पर गांव वालों की लगी भीड़
उमरिया के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर बफर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक बाघिन ने महिला पर हमला कर दिया। राखी गांव की 40 वर्षीय गल्ली बाई यादव शौच के लिए भीतरी नाला के पास गई थीं।
.
झाड़ियों में छिपी बाघिन ने अचानक हमला कर दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। कोर की सीमा के पास होने के कारण गांव और आसपास के इलाकों में बाघ की मूवमेंट बनी रहती है।
मृतक महिला के गाल और गले पर चोट के निशान मिले हैं। राखी गांव कोर और बफर जोन की सीमा पर स्थित है। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों की हालत बेहद दयनीय है।
टाइगर रिजर्व के अधिकारी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर रहे हैं। परिक्षेत्र अधिकारी मुकेश अहिरवार ने घटना की पुष्टि की है। क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनजर गश्त बढ़ा दी गई है।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के सहायक संचालक बीएस उप्पल ने बताया कि बाघिन के हमले से महिला की मौत हो गई है। गांव के पास स्थित नाले के पास की घटना है। गश्त बढ़ा दी गई है। हाथियों से भी गश्त कराई जा रही हैं। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व और पुलिस की टीम भी मौके पर है।

