Chinese Robot Hug To Girl: चीन में एक यूनिवर्सिटी के डांस प्रोग्राम में परफॉर्म कर रहे एक मानवाकार रोबोट (ह्यूमनॉइड रोबोट )ने अचानक एक छात्रा के करीब जाकर उसे गले लगा लिया, जिससे दर्शक चौंक गए। इसके बाद कर्मचारियों ने तुरंत उसे उससे दूर खींच लिया। चीन के शानक्सी प्रांत में स्थित विश्वविद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हो रहा है। इस घटना के बाद चीन में सोशल मीडिया में इस बात पर बहस छिड़ गई कि क्या रोबोट ने अपने आप ऐसा व्यवहार करना सीखा या उसे उसके संचालक द्वारा नियंत्रित किया गया था। इस घटना ने विशेषज्ञों को सुरक्षा के बेहतर उपाय विकसित करने के लिए प्रेरित किया है क्योंकि चीन में सार्वजनिक कार्यक्रमों में रोबोट की भागीदारी आम बात हो गयी है, और सरकार कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के क्षेत्र में देश की बढ़ती शक्ति को प्रदर्शित करने के लिए प्रयासरत है।
छात्रा ने किया इंटरव्यू देने से इनकार
इस घटना पर टिप्पणी करते हुए एक कर्मचारी ने मीडिया को बताया कि रोबोट और छात्रों के एक क्लब के बीच संयुक्त प्रदर्शन परिसर की सांस्कृतिक गतिविधियों में इनोवेशन लाने की एक कोशिश थी। सरकारी समाचार पत्र ग्लोबल टाइम्स ने रविवार को बताया कि घटना में शामिल छात्रा को कोई चोट नहीं आई और बाद में उसने मीडिया को इंटरव्यू देने से इनकार कर दिया। रोबोट के अप्रत्याशित व्यवहार ने ऑनलाइन चर्चा छेड़ दी है। कुछ इंटरनेट यूजर्स ने सवाल उठाया कि क्या रोबोट ने “स्वतंत्र चेतना” विकसित कर ली है, जबकि अन्य ने पूछा कि क्या यह हरकत किसी ऑपरेटर द्वारा नियंत्रित थी या प्रदर्शन के हिस्से के रूप में पहले से तय की गई थी।
रोबोट की हरकत पहले से तय नहीं थी- यूनिवर्सिटी के कर्मचारी
खबर के मुताबिक विश्वविद्यालय के एक कर्मचारी ने इस बात से इनकार किया कि यह हरकत पहले से तय थी और कहा, “उस समय हमें जो समझ में आया, उसके आधार पर रोबोट ने गलती की।” ग्लोबल टाइम्स अखबार के अनुसार, कर्मचारी ने बताया कि यह “गलती” एआई प्रोग्राम की खराबी के कारण हुई थी। प्रदर्शन में इस्तेमाल किया गया रोबोट एक पूर्व छात्र द्वारा स्थापित कंपनी द्वारा उपलब्ध कराया गया था और कार्यक्रम के बाद उसे वापस कर दिया गया था। शांगयू न्यूज की खबर के अनुसार, विश्वविद्यालय ने बाद में कंपनी से संपर्क किया जिसने घटना का कारण कार्यक्रम स्थल पर सिग्नल में व्यवधान बताया। कंपनी के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कई ड्रोन एक साथ चल रहे थे, जिससे सिग्नल बाधित हुए और रोबोट का व्यवहार असामान्य हो गया। कंपनी ने कहा कि यह पूर्व नियोजित नहीं था।
सोशल मीडिया पर छिड़ है बहस
इस घटना के बाद एक बार फिर सोशल मीडिया पर ये बहस छिड़ी है कि क्या रोबोट का व्यवहार धीरे धीरे ऑटोनॉमस यानी स्वायत्त होता जा रहा है और ये आगे चलकर कुछ और गंभीर रूप ले सकते हैं। इसको लेकर लोगों की अलग-अलग सोच और प्रतिक्रिया दिख रही है।
पीटीआई इनपुट से
ये भी पढ़ें

