शहर के नांगल नाही क्षेत्र से एक बुजुर्ग दंपति के साथ मारपीट और जमीन हड़पने की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़िता होटी देवी ने अपने बेटे राजेश उर्फ राजू और बहू पूजा देवी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाए है कि राजेश नशे का आदी है और वह अपनी पत्नी के साथ मिलकर आए दिन परिवार और आसपास के लोगों के साथ गाली-गलौच और झगड़ा करता है। पीड़िता के अनुसार, उसके पति हरिनारायण शर्मा का हाल ही में ऑपरेशन हुआ है, जिसके कारण वह बिस्तर पर ही हैं। घटना 18 अप्रैल की रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है, जब आरोपियों ने कथित तौर पर बुजुर्ग दंपति पर मकान और जमीन अपने नाम करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उन्होंने बीमार पिता को बिस्तर से घसीटकर बाहर निकाल दिया और मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची होटी देवी और उनकी बेटी के साथ भी कथित रूप से मारपीट की गई। पीड़िता का कहना है कि आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप कर उन्हें बचाया। आरोप है कि जाते समय राजेश ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी और अपनी ऊंची पहुंच का हवाला दिया। पीड़िता ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। मामला थाना खोराबिसल का है। थानाप्रभारी सुरेश चौधरी ने बताया कि दोनों पक्षों में 18 अप्रेल की रात झगड़ा होने की सूचना पर मौके पर पुलिस भेजकर मामला शांत करवाया गया था। एक पक्ष ने मारपीट पर आरोप लगाते हुए चोट लगने की बात कही थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Source link

