मनु कुमार सिंह | प्रतापगढ़कुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक
अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर प्रतापगढ़ के राजकीय औद्योगिक संस्थान, सुखपाल नगर में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान लखनऊ में आयोजित प्रदेश स्तरीय ‘श्रमवीर गौरव समारोह 2026’ का सजीव प्रसारण दिखाया गया, जिसमें मुख्यमंत्री के संबोधन को श्रमिकों ने सुना।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने किया। इसमें विभिन्न उद्योगों से जुड़े महिला एवं पुरुष श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में श्रमिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने के संकल्प को दोहराया।

इस अवसर पर उद्यमी अनुराग खण्डेलवाल, चन्द्र प्रकाश शुक्ला, दिनेश वरनवाल, राज किशोर साहू और संतोष साहू सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में उपायुक्त उद्योग एस.एस. रावत ने जिलाधिकारी और अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने अपने संबोधन में कहा कि श्रमिक देश की आर्थिक प्रगति की रीढ़ हैं। उनके परिश्रम और समर्पण के बिना औद्योगिक विकास संभव नहीं है।
उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रशासन द्वारा श्रमिकों के हितों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने श्रमिकों को सरकार की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया।
जिलाधिकारी ने कहा, “श्रमिक हमारे समाज और अर्थव्यवस्था की आधारशिला हैं। उनका सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रत्येक श्रमिक को उसके अधिकार मिलें और वह गरिमापूर्ण जीवन जी सके।”


