Apple के पहले फोल्डेबल आईफोन के बारे में पिछले दिनों कई खबरें सामने आ रही हैं। यूजर्स लंबे समय से एप्पल के पहले फोल्डेबल डिवाइस का इंतजार कर रहे हैं। सामने आई रिपोर्ट की मानें तो एप्पल के पहले फोल्डेबल आईफोन को iPhone Ultra के नाम से लॉन्च किया जा सकता है। इस फोल्डेबल आईफोन को इस साल सितंबर में पेश किए जाने की उम्मीद है। एप्पल का यह फोल्डेबल फोन मार्केट में मौजूद तमाम फोल्डेबल डिवाइस के मुकाबले चौड़े डिस्प्ले के साथ आ सकता है। सैमसंग भी इस साल Galaxy Z Fold 8 Wide लॉन्च करने की तैयारी में है, जो एप्पल के फोल्डेबल आईफोन की तरह होगा।
वायरल वीडियो में दिखी झलक
इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेज से वायरल हो रहा है, जिसमें एप्पल के पहले फोल्डेबल आईफोन की झलक दिखी है। इस वीडियो में फोल्डेबल आईफोन की तुलना चीनी कंपनी Huawei के फोल्डेबल फोन Pure X Max से की गई है। कई यूजर्स ने दावा किया है कि एप्पल का पहला फोल्डेबल आईफोन चीनी ब्रांड हुआवे के फोल्डेबल डिवाइस से प्रेरित है।
GSMArena की रिपोर्ट के मुताबिक, iPhone Ultra (iPhone Fold) और Huawei Pure X Max का फर्म फैक्टर यानी आकार लगभग एक जैसा है। स्क्रीन की चौड़ाई से लेकर आसपेक्ट रेश्यो एक जैसा लगता है। हालांकि, दोनों फोन के डिजाइन में आपको अंतर देखने को मिलेगा। इन दोनों फोन के बैक में पिल शेप वाला कैमरा मॉड्यूल मिलता है। हालांकि, दोनों के सेंसर की प्लेसमेंट में आपको अंतर देखने को मिलेगा। एप्पल आईफोन का कैमरा मॉड्यूल रियर पैनल के पूरे हिस्से में दिखाई देगा। वहीं, हुआवे का कैमरा मॉड्यूल सेंटर अलाइंड है।
फोल्डेबल आईफोन
लगभग एक जैसा डिजाइन
Huawei Pure X Max के बैक में तीन कैमरे दिए गए हैं। वहीं, एप्पल का पहला फोल्डेबल आईफोन डुअल रियर कैमरा सेटअप के साथ आ सकता है। एप्पल ने अपने iPhone वाले डिजाइन एलिमेंट को फोल्डेबल डिवाइस में भी रखा है। कैमरा मॉड्यूल के अलावा पूरा रियर पैनल साफ-सुथरा दिखता है। वहीं, हुआवे के फोन के बैक में ऊपर से नीचे की तरफ एक सीधी लाइन देखी जा सकती है। एक तरफ हुआवे की ब्रांडिंग देखने को मिलती है।
वीडियो में दोनों फोन के डायमेंशन यानी आकार में लगभग समानता देखने को मिलती है। रिपोर्ट के मुताबिक, एप्पल के फोल्डेबल आईफोन की मोटाई 9.23mm हो सकती है। वहीं, फोन में बिना क्रीज वाला फोल्डेबल डिस्प्ले मिल सकता है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करेगा। इस फोन में नए डिजाइन वाला आईलैंड देखने को मिल सकता है।
यह भी पढ़ें – Amazon ने किया बड़ा ऐलान, इस महीने आयोजित होगी Prime Day Sale, सस्ते में मिलेगा ‘सबकुछ’

