समस्तीपुर में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से मेडिकल एट्रेंस एग्जाम NEET-UG का आयोजन किया जा रहा है। जिले के 9 केंद्रों पर परीक्षार्थी एग्जाम में शामिल होंगे। परीक्षा के सफल और कदाचार मुक्त संचालन के लिए जिला प्रशासन और एनटीए ने व्यापक तैयारियां
.
180 मिनट में हल करने होंगे 180 सवाल
नीट परीक्षा पूरी तरह से वस्तुनिष्ठ (MCQ) आधारित होगी। कुल 180 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके लिए अभ्यर्थियों को 180 मिनट यानी 3 घंटे का समय मिलेगा। प्रश्न पत्र में फिजिक्स और केमिस्ट्री से 45-45 सवाल होंगे, जबकि बायोलॉजी (बॉटनी और जूलॉजी) से 90 सवाल पूछे जाएंगे। हर सवाल के लिए औसतन एक मिनट का समय निर्धारित है, जिससे छात्रों को समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान देना होगा।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
सेंटर्स पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में महिला-पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सीसीटीवी से निगरानी रखी जा रही है। परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू की गई है। आसपास की फोटो स्टेट और प्रिंटिंग दुकानों को बंद रखने का निर्देश दिया गया है।
समय से पहुंचना अनिवार्य
NTA के निर्देश के अनुसार, सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। छात्रों को अपने साथ एडमिट कार्ड और एक वैध फोटो पहचान-पत्र लाना जरूरी है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या आभूषण को परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
ड्रेस कोड में इस बार मिली राहत
इस साल ड्रेस कोड को लेकर छात्रों को बड़ी राहत दी गई है। अभ्यर्थी हल्के कपड़े पहनने के साथ-साथ अपनी धार्मिक मान्यताओं से जुड़ी वस्तुएं या पारंपरिक पोशाक में भी परीक्षा दे सकते हैं। हालांकि, उन्हें जांच प्रक्रिया के लिए समय से पहले केंद्र पर पहुंचना जरूरी होगा। छात्र अपने साथ पारदर्शी पानी की बोतल ले जा सकते हैं।

