Friday, May 8, 2026
Homeराज्यमध्यप्रदेशदिग्विजय के बेटे ने प्याज की माला लहराई...सिंधिया पर तंज: कांग्रेस...

दिग्विजय के बेटे ने प्याज की माला लहराई…सिंधिया पर तंज: कांग्रेस के पोस्टर पर दिखे ‘केजरीवाल के कार्यकर्ता’; अपने ही लोगों पर भड़के जीतू पटवारी – Madhya Pradesh News


मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा।

.

कांग्रेस के पोस्टर पर आम आदमी पार्टी की भीड़ मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने किसानों की समस्याओं को लेकर प्रदेश से गुजर रहे आगरा-बॉम्बे नेशनल हाईवे के 580 किलोमीटर हिस्से में सात अलग-अलग जगहों पर चक्काजाम किया। कांग्रेस के इस शक्ति प्रदर्शन के दौरान कई रोचक नजारे भी देखने को मिले।

इंदौर में एबी रोड पर हुए कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान पार्टी का एक पोस्टर खासा चर्चा में रहा। पोस्टर पर ‘जय जवान-जय किसान’ के साथ लिखा था- ‘किसानों के हक और अधिकार के लिए चक्काजाम आंदोलन।’

लेकिन चर्चा पोस्टर पर दिखाई गई भीड़ को लेकर शुरू हो गई। पोस्टर में नजर आ रहे लोगों ने सफेद गांधी टोपी पहन रखी है, जिस पर झाड़ू का निशान बना हुआ दिखाई दे रहा है। आम तौर पर ऐसी टोपी आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता पहनते हैं।

ऐसे में लोग चुटकी लेने लगे कि कांग्रेस ने अपने पोस्टर में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं की भीड़ लगा दी। उधर, भाजपा को भी कांग्रेस पर तंज कसने का मौका मिल गया। भाजपा प्रवक्ता जेपी मूलचंदानी ने पोस्टर की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा-

‘कांग्रेस छवि चमकाने के लिए अब पोस्टरों में उधार की भीड़ का सहारा ले रही है। अपनी भीड़ की फोटो नहीं मिली तो आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं की तस्वीरें लगा दीं। अब कांग्रेस से उसके कार्यकर्ताओं का ही मोहभंग हो गया है, तो भीड़ कहां से आए?’

कांग्रेस के पोस्टर पर दिखे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता के चेहरे।

किसान के गेटअप में जयवर्धन, सिंधिया पर तंज गुना में कांग्रेस के चक्काजाम प्रदर्शन की कमान विधायक जयवर्धन सिंह ने संभाली। वे पूरी तरह किसान के गेटअप में नजर आए। इतना ही नहीं, वे खुद ट्रैक्टर चलाकर प्रदर्शन स्थल तक पहुंचे।

यहां उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधने के साथ-साथ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर भी तंज कसा। जयवर्धन सिंह ने प्याज की माला लहराते हुए कहा- सिंधिया जी ने किसानों के लिए प्याज की माला भेजी है।

इसके बाद उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि किसानों को लेकर सिंधिया की सोच सिर्फ प्याज तक सीमित है। उन्होंने न कभी किसानों के बारे में गंभीरता से सोचा और न ही उनकी समस्याओं की आवाज उठाई।

दरअसल, कुछ समय पहले एक कार्यक्रम में सिंधिया ने जेब से प्याज निकालते हुए कहा था कि कितनी भी गर्मी हो, जेब में प्याज रखो और निकल जाओ, कुछ नहीं होगा।

अब लोग कह रहे हैं कि जयवर्धन सिंह ने एक तीर से दो निशाने साध लिए। एक तरफ सिंधिया पर तंज कस दिया और दूसरी तरफ गर्मी से बचने का अपना इंतजाम भी दिखा दिया।

वैसे, इन दिनों जयवर्धन सिंह खासतौर पर गुना-शिवपुरी इलाके में काफी सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसके पीछे उनकी और पार्टी की क्या रणनीति है, यह तो वही जानें, लेकिन समझदार के लिए इशारा ही काफी है।

जयवर्धन सिंह ने दिखाई प्याज की माला, सिंधिया पर कसा तंज।

जयवर्धन सिंह ने दिखाई प्याज की माला, सिंधिया पर कसा तंज।

गर्मी से त्रस्त पटवारी, कार्यकर्ताओं को फटकारा किसानों की समस्याओं को लेकर भीषण गर्मी के बीच प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने भाजपा सरकार की घेराबंदी की। इस दौरान प्रदर्शन कर रहे नेता पसीना-पसीना नजर आए।

शाजापुर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंच से कहा- 45 डिग्री तापमान में किसान के बेटे सरकार को जगाने के लिए धूप में बैठे हैं, ताकि किसानों को न्याय मिल सके।

गर्मी के बीच मंच पर ज्यादा भीड़ होने से जीतू पटवारी नाराज भी हो गए। उन्होंने भाषण के दौरान ही कार्यकर्ताओं को फटकार लगाते हुए पीछे हटने और मंच से नीचे उतरने के लिए कहा।

इधर, गर्मी से परेशान नेताओं को राहत देने के लिए ओरेंज कैंडी यानी बचपन वाली संतरे की गोली भी बांटी गई। खुद जीतू पटवारी ने भी संतरे की गोली खाई, जिसके बाद उन्हें कुछ राहत मिली।

भीषण गर्मी से त्रस्त दिखे जीतू पटवारी, कार्यकर्ताओं को फटकारा।

भीषण गर्मी से त्रस्त दिखे जीतू पटवारी, कार्यकर्ताओं को फटकारा।

खुद पुलिस वाहन तक पहुंच गए कांग्रेस कार्यकर्ता ग्वालियर में कांग्रेस ने 5 से 6 घंटे तक प्रदर्शन करने का दावा किया था, लेकिन सूरज के तेवर के आगे कार्यकर्ता जल्दी ही सरेंडर करते नजर आए। हालांकि, उन्होंने हाईवे पर डटे रहकर जमकर नारेबाजी की।

लेकिन जब प्रशासन ने बिना अनुमति हाईवे पर चल रहे प्रदर्शन को खत्म नहीं करने पर गिरफ्तारी की चेतावनी दी, तो कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता किसी अनुशासित सिपाही की तरह खुद ही उठकर पुलिस वाहन की तरफ बढ़ गए।

हालांकि, फोटो और वीडियो के लिए थोड़ी देर तक नारेबाजी और प्रतीकात्मक जिद जरूर चली। वैसे, इस आज्ञापालन की वजह भी भीषण गर्मी को ही बताया जा रहा है।

भाजपा के सांसद को किसानों ने सुनाई खरी-खोटी उधर, नर्मदापुरम में भाजपा सांसद दर्शन सिंह गेहूं खरीदी व्यवस्थाओं का जायजा लेने और किसानों की समस्याएं सुनने एक खरीदी केंद्र पहुंचे थे, लेकिन उनका यह दौरा उलटा पड़ गया।

किसानों ने उन्हें घेर लिया और अपनी समस्याएं बताते हुए खरी-खोटी सुनाने लगे। किसानों का कहना था कि वे कई दिनों से ट्रॉली में भरा अनाज लेकर खड़े हैं, लेकिन अब तक तुलाई नहीं हो पाई है।

सांसद के साथ मौजूद समर्थकों ने किसानों को आराम से बात करने की सलाह दी, तो मामला और गर्म हो गया। हालात बिगड़ते देख सांसद मौके से निकल गए। इस घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने भाजपा सांसद का पुतला भी जलाया।

गेहूं खरीदी केंद्र पर आए सांसद दर्शन सिंह को किसानों ने घेरा।

गेहूं खरीदी केंद्र पर आए सांसद दर्शन सिंह को किसानों ने घेरा।

इनपुट सहयोग – आशीष रघुवंशी (गुना), अभिषेक दुबे (इंदौर), मोहित राठौर (शाजापुर), धर्मेंद्र दीवान (नर्मदापुरम), अरुण मोरे (ग्वालियर)

ये भी पढ़ें – भाषण बाद में.. सीएम बोले- पहले झालमुड़ी खा लेने दो: नायक नहीं, खलनायक हूं मैं.. गाने पर झूमे एसपी

‘झालमुड़ी’ की महिमा बरकरार है। इतनी कि इसके आगे किसी को कुछ सूझ ही नहीं रहा। सीएम मोहन यादव को ही ले लीजिए, जिन्होंने झालमुड़ी के लिए अपना संबोधन तक टाल दिया। कहा कि पहले झालमुड़ी खाऊंगा, फिर भाषण दूंगा। इधर, पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा भी झालमुड़ी वाले के रोल में दिखे। पूरी खबर पढ़ें



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments