प्रयागराज के सर्किट हाउस के सामने रविवार देर रात हुए सड़क हादसे के बाद सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने सदर बाजार चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
फल बेचने का करता था काम
मूल रूप से गाजीपुर के जमनिया थाना क्षेत्र के दरौली गांव निवासी मिथिलेश कुमार (30) कैंट क्षेत्र के नेवादा में अपने बहनोई विनोद कुमार के साथ रहते थे। वह एजी ऑफिस के पास फल की दुकान लगाते थे। रविवार रात दुकान बंद करने के बाद वह अपने साथी नितिन सोनकर (25) के साथ बाइक से घर लौट रहे थे।
तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर
रात करीब साढ़े दस बजे सर्किट हाउस के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। इसी दौरान एक स्कूटी भी कार की चपेट में आ गई। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पोस्टमार्टम के बाद भड़का आक्रोश
सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग शव लेकर सदर बाजार चौराहे पहुंच गए। प्रदर्शनकारी एंबुलेंस से शव उतारकर सड़क पर रख प्रदर्शन करना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसे लेकर पुलिस और लोगों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
प्रदर्शन में शामिल लोगों का आरोप था कि पुलिस ने कार चालक और उसमें सवार अन्य लोगों को संरक्षण देकर छोड़ दिया। महिलाओं समेत बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की।
अधिकारियों के आश्वासन पर खत्म हुआ जाम
सूचना मिलते ही कैंट पुलिस मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर अमरनाथ राय ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। बाद में सिविल लाइंस एसीपी विद्युत गोयल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार की मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन खत्म हुआ और चक्काजाम समाप्त कराया गया। थाना प्रभारी बोले
थाना प्रभारी अमरनाथ राय ने बताया, जिस कार से टक्कर हुई, वह आगरा के आरटीओ में पंजीकृत है। धूमनगंज का एक युवक घटना के वक्त कार में था, उसे लाकर पूछताछ की गई तो उसने बताया कि कार उसका दोस्त चला रहा था। युवक को नोटिस देकर छोड़ा गया है। घटना के वक्त कार कौन चला रहा था, इस बारे में पड़ताल की जा रही है।
Source link
बेकाबू कार ने युवक को रौंदा: प्रयागराज में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने लगाया जाम, पुलिस से नोकझोंक के बाद हंगामा – Prayagraj (Allahabad) News
RELATED ARTICLES

