Last Updated:
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी ईपीएफओ (EPFO) अब करोड़ों कर्मचारियों के लिए बड़ी डिजिटल सुविधा शुरू करने जा रहा है. जल्द ही पीएफ सब्सक्राइबर्स वॉट्सऐप के जरिए अपना पीएफ बैलेंस, क्लेम स्टेटस और ट्रांजेक्शन डिटेल्स चेक कर सकेंगे. नई सेवा के तहत एआई चैटबॉट 24 घंटे काम करेगा और लोगों को पीएफ से जुड़ी कई समस्याओं का समाधान सीधे वॉट्सऐप पर मिलेगा. इससे वेबसाइट और ऐप पर निर्भरता काफी कम हो सकती है.
ईपीएफओ इस सेवा को सिर्फ अंग्रेजी तक सीमित नहीं रखना चाहता.
नई दिल्ली. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी ईपीएफओ (EPFO) देश के करोड़ों नौकरीपेशा लोगों के लिए एक बड़ी डिजिटल सुविधा शुरू करने जा रहा है. इस नई सेवा के शुरू होने के बाद पीएफ खाताधारकों को छोटी छोटी जानकारी के लिए बार-बार वेबसाइट या उमंग ऐप पर लॉगइन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. अब लोग सीधे वॉट्सऐप के जरिए अपने पीएफ खाते से जुड़ी कई जरूरी जानकारियां हासिल कर सकेंगे. माना जा रहा है कि यह कदम डिजिटल इंडिया और ईज ऑफ लिविंग मिशन को और मजबूत करेगा क्योंकि देश में ज्यादातर स्मार्टफोन यूजर्स पहले से वॉट्सऐप इस्तेमाल करते हैं.
नई सेवा शुरू होने के बाद कर्मचारी सिर्फ एक मैसेज भेजकर कई तरह की सुविधाओं का फायदा उठा पाएंगे. सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि पीएफ बैलेंस तुरंत चेक किया जा सकेगा. इसके अलावा खाताधारक अपने आखिरी ट्रांजेक्शन की जानकारी भी देख पाएंगे. यानी कंपनी ने आखिरी बार कब और कितना पैसा जमा किया, यह जानकारी सीधे चैट पर मिल जाएगी. अगर किसी कर्मचारी ने पीएफ निकालने या एडवांस के लिए आवेदन किया है, तो उसका क्लेम स्टेटस भी रीयल टाइम में देखा जा सकेगा. इससे लोगों को बार बार ऑफिस या पोर्टल का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा.
रीजनल भाषाओं में भी मिलेगी सुविधा
ईपीएफओ इस सेवा को सिर्फ अंग्रेजी तक सीमित नहीं रखना चाहता. अलग अलग राज्यों के कर्मचारियों के लिए यह सुविधा स्थानीय भाषाओं में भी उपलब्ध कराई जाएगी ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग आसानी से इसका इस्तेमाल कर सकें.
24 घंटे काम करेगा एआई चैटबॉट
इस सेवा की सबसे बड़ी खासियत इसका एआई चैटबॉट होगा. यह चैटबॉट 24 घंटे और सातों दिन सक्रिय रहेगा. पीएफ ट्रांसफर, पेंडिंग क्लेम, प्रोफाइल अपडेट, जन्मतिथि या नाम में गलती जैसी समस्याओं को लेकर लोग सीधे चैटबॉट से मदद ले सकेंगे. कई मामलों में शिकायत दर्ज करने और उसका स्टेटस जानने की सुविधा भी मिलने की उम्मीद है.
सुरक्षा को लेकर क्या सावधानी जरूरी
ईपीएफओ ने साफ किया है कि केवल आधिकारिक और वेरिफाइड वॉट्सऐप अकाउंट पर ही भरोसा करना चाहिए. आधिकारिक नंबर के आगे ग्रीन टिक दिखाई देगा. यह सुविधा केवल उसी मोबाइल नंबर पर काम करेगी जो यूएएन (UAN) और पीएफ खाते के साथ लिंक होगा. इसके अलावा कर्मचारियों को किसी के साथ ओटीपी या पासवर्ड शेयर नहीं करने की सलाह दी गई है.
EPFO की मुकदमेबाजी भी घटी, लंबित मामलों में बड़ी कमी
EPFO ने मुकदमेबाजी कम करने के लिए मिशन मोड में अभियान चलाया है, जिसका असर अब आंकड़ों में भी दिखाई देने लगा है. कंज्यूमर कोर्ट में लंबित मामलों की संख्या 1 अप्रैल 2024 को 4,936 थी, जो 31 मार्च 2026 तक घटकर 2,646 रह गई. वहीं, कुल लिटिगेशन पेंडेंसी भी 31,036 से घटकर 27,639 हो गई है, जो अब तक का सबसे निचला स्तर बताया जा रहा है. EPFO के मुताबिक, 10 साल से ज्यादा पुराने मामलों में भी करीब 45 फीसदी की कमी दर्ज की गई है. ऐसे मामलों की संख्या 8,539 से घटकर 4,665 रह गई. फरवरी और मार्च 2026 में सेंट्रल गवर्नमेंट इंडस्ट्रियल ट्रिब्यूनल यानी CGIT में विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें 353 अपीलों का निपटारा किया गया. अब EPFO जोनल नोडल अधिकारियों के जरिए बाकी मामलों के तेजी से निपटारे पर काम कर रहा है.
About the Author

मैं जय ठाकुर, न्यूज18 हिंदी में सीनियर सब-एडिटर के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहा हूं. मेरा मुख्य काम बिजनेस की पेचीदा खबरों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाना है. फिर चाहे वह शेयर बाजार की हलचल हो, देश की इकोनॉमी क…और पढ़ें

