अशोकनगर जिले के महिदपुर गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ के सेवन से एक 16 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। किशोर की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि किशोर ने जहर क्यों खाया। मृतक की पहचान महिदपुर निवासी यश (पुत्र मेहरबान सिंह रघुवंशी, उम्र 16 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, देर रात यश को अचानक उल्टी होने लगी। जब परिजनों ने ध्यान दिया तो उसकी उल्टी से किसी जहरीले पदार्थ जैसी तेज गंध आ रही थी। किशोर की हालत तेजी से बिगड़ती देख परिवार के सदस्य उसे तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर भागे। रात 11 बजे इलाज के दौरान तोड़ा दम
जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने यश का इलाज शुरू किया, लेकिन जहर का असर शरीर में काफी फैल चुका था। तमाम कोशिशों के बावजूद रात करीब 11 बजे इलाज के दौरान किशोर ने दम तोड़ दिया। इसके बाद शव को रात भर अस्पताल के पोस्टमार्टम गृह (मर्चुरी) में रखा गया। शनिवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया और फिर परिजनों को सौंप दिया गया। रात में कूलरों में पानी भरा था, बिल्कुल सामान्य था यश
इस अचानक हुई घटना से मृतक का परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों ने बताया कि यश रात में बिल्कुल सामान्य था और उसने सोने से पहले घर के सभी कूलरों में पानी भी भरा था। वह किसी भी प्रकार के मानसिक तनाव या परेशानी में नहीं दिख रहा था। ऐसे में उसने जहरीले पदार्थ का सेवन किन परिस्थितियों में और कैसे किया, इस बारे में परिवार को कोई जानकारी नहीं है।
Source link
अशोकनगर में जहर खाने से 16 वर्षीय किशोर की मौत: इलाज के दौरान तोड़ा दम; परिजनों ने कहा- तनाव में नहीं था – Ashoknagar News
RELATED ARTICLES

