शिक्षा और पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर की पांच दिन की जनसंवाद पदयात्रा का सोमवार को समापन हो गया। 28 मई से शुरू हुई यह पदयात्रा चेचट पंचायत समिति क्षेत्र के दर्जनों गांवों से होकर गुजरी। करीब 80 किलोमीटर का सफर पैदल तय किया गया। पदयात्रा का समापन हात्याखेड़ी ग्राम पंचायत के गुलाबपुरा गांव में हुआ। पदयात्रा के अंतिम दिन मंत्री मदन दिलावर ने आलोद गांव से यात्रा की शुरुआत की। प्राचीन चारभुजा नाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री दिलावर ने कहा- रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि पिछले ढाई वर्षों में हाड़ौती संभाग में सबसे अधिक विकास कार्य रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र में हुए हैं। आने वाले समय में यह क्षेत्र पूरे प्रदेश के लिए विकास का उदाहरण बनेगा। मंत्री दिलावर ने आलोद क्षेत्र में बड़े विकास कार्यों की घोषणाएं भी कीं। उन्होंने बताया- ग्राम पंचायत भवन के पास स्थित तालाब के जीर्णोद्धार के लिए 1 करोड़ 60 लाख रुपए का प्रस्ताव भेजा गया है। इसके अलावा एनिकट मरम्मत और पुलिया निर्माण के लिए 2 करोड़ 20 लाख रुपए की योजना तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजी गई है। ग्रामीणों ने बताई समस्याएं, मंत्री ने अफसरों को दिए निर्देश जनसभा में मंत्री दिलावर ने कहा- सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और सिंचाई जैसे सभी महत्वपूर्ण क्षेत्रों में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और रामगंजमंडी को हर क्षेत्र में अग्रणी विधानसभा बनाया जाएगा। पदयात्रा के दौरान ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याओं और मांगों को मंत्री के सामने रखा। मंत्री ने कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश देकर समाधान कराने का प्रयास किया। यात्रा के अंतिम दिन भी ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और बड़ी संख्या में लोग पदयात्रा में शामिल हुए। मंत्री दिलावर ने कहा- इस पदयात्रा का उद्देश्य केवल विकास कार्यों का निरीक्षण करना नहीं, बल्कि गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं को समझना और उनके साथ सीधा संवाद स्थापित करना है। पांच दिनों तक चली इस जनसंवाद पदयात्रा में मंत्री मदन दिलावर ने गांव-गांव पहुंचकर जनसुनवाई की। विकास कार्यों की घोषणाएं कीं और ग्रामीणों से सीधा संवाद किया।
Source link

