जाजमऊ स्थित फैक्ट्री में छापेमारी करते खाद्य विभाग व एसटीएफ के अधिकारी।
जाजमऊ क्षेत्र में एसटीएफ और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए बिना लाइसेंस संचालित पान मसाला फैक्ट्री पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान लाखों रुपये का तैयार और कच्चा माल बरामद किया गया। टीम ने फैक्ट्री और उससे जुड़े एक गोदाम को सी
.
मौके से बरामद की गई सुपाड़ी, कत्था व एसेंस।
कत्था, सुपाड़ी और एसेंस किया बरामद
सहायक आयुक्त खाद्य संजय प्रताप सिंह ने बताया कि जाजमऊ स्थित फैक्ट्री में बिना वैध लाइसेंस के पान मसाला तैयार किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री से करीब 9.20 लाख रुपये मूल्य का पान मसाला, 3.80 लाख रुपये की कटी सुपाड़ी, 56 हजार रुपये का कत्था और 2.96 लाख रुपये मूल्य का एसेंस बरामद किया गया। अधिकारियों ने मौके से पूरे माल को कब्जे में लेकर जब्त कर लिया। बरामद सामग्री की कुल कीमत करीब 16.52 लाख रुपये आंकी गई है।
गोदाम में भी मारा छापा
कार्रवाई के बाद टीम ने हरबंस मोहाल स्थित एक गोदाम में भी छापा मारा। हालांकि वहां से कोई आपत्तिजनक सामग्री या स्टॉक बरामद नहीं हुआ। एहतियातन फैक्ट्री और गोदाम दोनों को सील कर दिया गया है। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री से कुनाल गुप्ता नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। उससे पूछताछ की जा रही है और फैक्ट्री संचालन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बरामद उत्पादों के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे।

