सिंगरौली जिले के देवसर क्षेत्र के ग्राम झरिया में हरे-भरे पेड़ों की कटाई को लेकर विवाद सामने आया है। ग्राम झरिया के खसरा क्रमांक 28 स्थित भूमि पर पारिवारिक विवाद के बीच बड़ी संख्या में पेड़ काटे जाने का आरोप है। शिकायतकर्ता केशव चतुर्वेदी ने गुरुवार को जियावन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। केशव चतुर्वेदी ने आरोप लगाया है कि अच्युता चतुर्वेदी और उनके बेटों विमलेश चतुर्वेदी के साथ विकास चतुर्वेदी ने विवादित भूमि को अपनी बताते हुए पेड़ों की कटाई की। शिकायत के अनुसार, उन्होंने न केवल अपने हिस्से की जमीन पर लगे पेड़ काटे, बल्कि अन्य भाइयों के हिस्से में लगे पेड़ों को भी मशीनों से कटवा दिया। चतुर्वेदी का यह भी आरोप है कि पेड़ों की यह कटाई बिना किसी वैधानिक अनुमति के की गई है। कटे हुए पेड़ों की लकड़ी को बेचने की तैयारी भी की जा रही थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि जानकारी मिलने पर उन्होंने इसका विरोध किया और प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि सैकड़ों हरे-भरे पेड़ों की कटाई से पर्यावरण को गंभीर क्षति हुई है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो क्षेत्र का प्राकृतिक संतुलन प्रभावित हो सकता है। शिकायत में प्रशासन, वन विभाग और संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और कटे हुए पेड़ों का पंचनामा तैयार कर पर्यावरणीय नुकसान का आकलन कराने की भी अपील की गई है। पारिवारिक विवाद का मामला जियावन थाना प्रभारी शेषमणि द्विवेदी ने बताया कि यह एक पारिवारिक विवाद का मामला है और शिकायत की जांच की जा रही है। इसके बाद ही कार्रवाई की जाएगी।
Source link
सिंगरौली में सैकड़ों हरे पेड़ों की कटाई का आरोप: झरिया के पारिवारिक भूमि विवाद के बीच शिकायतकर्ता ने की जांच की मांग – Singrauli News
RELATED ARTICLES

