खैरथल। जिला मुख्यालय खैरथल के रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार और लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर भाजपा नेताओं का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने स्टेशन पर आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए कई महत्वपूर्ण मांगें उठाईं। खैरथल भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष शर्मा ने पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव के नेतृत्व में डीआरएम को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि खैरथल स्टेशन पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन सुविधाएं अभी भी अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच पाई हैं। उन्होंने मुख्य बाजार स्थित 93 एलसी से प्लेटफॉर्म नंबर-2 तक सीधा रास्ता विकसित करने, प्लेटफॉर्म पर टिनशेड का विस्तार करने तथा पटवार घर वाली गली से मंदिर तक रास्ता खुलवाने की मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल ने पड़ीसल क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के निकट आवागमन की बेहतर व्यवस्था करने तथा प्लेटफॉर्म का विस्तार कराने की भी मांग की। इसके अलावा यात्रियों को धूप और बारिश से राहत देने के लिए स्टेशन पर दोनों प्लेटफॉर्मों पर 100 मीटर अतिरिक्त टिनशेड निर्माण कराने का आग्रह किया गया। भाजपा नेताओं ने कहा कि खैरथल अब जिला मुख्यालय है, ऐसे में रेलवे स्टेशन पर सुविधाओं का विस्तार समय की जरूरत बन चुका है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्टेशन के विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। मंडल रेल प्रबंधक ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र मौके पर भेजकर निरीक्षण कराने तथा आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इस दौरान प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव, सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष संजय नरुका, व्यापार प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष दीनदयाल गुप्ता, योगेश गोयल तथा युवा नेता इंदर यादव सहित कई भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
Source link

