Tuesday, June 23, 2026
Homeराज्यबिहारमुहर्रम मेले में करंट से 2 मजदूरों की मौत: जमुई में...

मुहर्रम मेले में करंट से 2 मजदूरों की मौत: जमुई में 11000 वोल्ट तार की चपेट में आया पोल, 1 किशोर झुलसा – Jamui News




जमुई के खैरा प्रखंड के चौकिटांड़ गांव में मुहर्रम मेले की तैयारी के दौरान मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। मेले में झूला लगाते समय 11 हजार वोल्ट के बिजली के तार की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से झुलस गया। यह घटना चौकिटांड़ गांव में मुहर्रम पर्व के अवसर पर लगने वाले वार्षिक मेले के लिए झूला लगाने के दौरान हुई। मेले की शुरुआत बुधवार से होनी थी, जिसके लिए मंगलवार को झूले लगाने का काम अंतिम चरण में था। इस कार्य के लिए नालंदा जिले से मजदूरों की एक टीम बुलाई गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि झूले का एक लंबा लोहे का पोल खड़ा करते समय वह पास से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली के तार के संपर्क में आ गया। तार से संपर्क होते ही पूरे पोल में तेज करंट फैल गया, जिसकी चपेट में आने से दो मजदूरों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। एक नाबालिग मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया। मृतकों की पहचान नालंदा जिले के बिहारशरीफ निवासी 18 वर्षीय सोमर कुमार और 24 वर्षीय मनीष कुमार उर्फ मोनी के रूप में हुई है। घायल किशोर पवन कुमार इस्लामपुर थाना क्षेत्र के पचलोबा गांव का निवासी है। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। मृतकों के परिजनों को भी हादसे की जानकारी दे दी गई है। घटना के बाद मेले के आयोजक और झूला संचालक अस्पताल नहीं पहुंचे, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments