समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रयागराज दौरे के दौरान सोमवार को पार्टी के भीतर असंतोष खुलकर सामने आ गया। उनके कार्यक्रम स्थल के बाहर पहुंचे कुछ सपा कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव जिंदाबाद के साथ मेजा विधायक संदीप पटेल के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए।
खुद को मेजा विधानसभा क्षेत्र का निवासी और सपा कार्यकर्ता बताने वाले प्रदर्शनकारियों ने विधायक संदीप पटेल पर वित्तीय अनियमितताओं समेत कई गंभीर आरोप लगाए। कार्यकर्ताओं का कहना था कि वे अपनी शिकायत सीधे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव तक पहुंचाने के लिए कार्यक्रम स्थल पर आए हैं। टिकट बदलने की मांग
नारेबाजी कर रहे कार्यकर्ताओं ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए मेजा सीट से संदीप पटेल का टिकट बदला जाए। उनका आरोप था कि वर्तमान विधायक के प्रति क्षेत्र में नाराजगी है और यदि पार्टी उन्हें दोबारा उम्मीदवार बनाती है तो इसका नुकसान उठाना पड़ सकता है। प्रदर्शनकारियों ने किसी अन्य सक्रिय कार्यकर्ता को प्रत्याशी बनाए जाने की मांग की।
हाथों में तख्तियां लेकर पहुंचे थे
विरोध कर रहे सपा कार्यकर्ता हाथों में नारे लिखी तख्तियां लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे थे। इन तख्तियों के जरिए उन्होंने मेजा विधायक संदीप पटेल के खिलाफ अपना विरोध जताया। एक तख्ती पर लिखा था, अखिलेश यादव से बैर नहीं, संदीप पटेल की खैर नहीं। वहीं दूसरी तख्ती पर लिखा था, गली-गली में शोर है, मेजा विधायक कमीशनखोर है।
कार्यकर्ताओं ने इन नारों के साथ विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से हस्तक्षेप की मांग की। उनका कहना था कि पार्टी नेतृत्व उनकी शिकायत सुने और आगामी विधानसभा चुनाव में मेजा सीट से नए उम्मीदवार को मौका दे।
कार्यक्रम स्थल के बाहर फैली अफरातफरी
कार्यक्रम स्थल के बाहर कुछ देर तक नारेबाजी के चलते हलचल का माहौल बना रहा। मौजूद पुलिस और पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया। हालांकि प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर अड़े रहे और कहा कि वे राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलकर अपना पक्ष रखना चाहते हैं।
विधायक की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई
कार्यकर्ताओं की ओर से लगाए गए आरोपों पर विधायक संदीप पटेल की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। उनसे संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने कॉल नहीं रिसीव की। वहीं समाजवादी पार्टी की ओर से भी खबर लिखे जाने तक इस विरोध प्रदर्शन को लेकर कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया था।
Source link
अखिलेश के कार्यक्रम के बाहर सपा में विरोध के सुर: प्रयागराज में कार्यकर्ताओं ने अपने ही विधायक के खिलाफ लगाए मुर्दाबाद के नारे – Prayagraj (Allahabad) News
RELATED ARTICLES

