सीतापुर के सदरपुर थाना क्षेत्र के पोखराकलां- दिबियापुर मार्ग पर बुधवार शाम 7 बजे दो बाइकों की भिड़ंत में एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसवां भेजा। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। थाना क्षेत्र के रजपारापुर सुहेला गांव निवासी रोहित (15) पुत्र देवता अपने मित्र मोहित (16) के साथ बाइक से शेखपुर बाजार जा रहा था। जब उनकी बाइक पोखराकलां- दिबियापुर मार्ग पर पहुंची, तभी सामने से दिबियापुर की ओर से आ रही दूसरी बाइक से उसकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोहित ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार मोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरी बाइक पर सवार युवक भी हादसे में घायल हुआ। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सदरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसवां भेजा, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा है। ग्रामीणों की भी मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष मुकेश वर्मा ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायलों को अस्पताल भेजा गया है तथा मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Source link
दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में लड़के की मौत: सीतापुर में हादसे में दो गंभीर घायल, दोनों वाहन जब्त – Sitapur News
RELATED ARTICLES

