बक्सर जिले के चौसा प्रखंड के खिलाफतपुर निवासी कांग्रेस नेता और बनारपुर पंचायत के पूर्व मुखिया रविंद्र नाथ उपाध्याय उर्फ बुच्चा उपाध्याय (55) का गुरुवार दोपहर सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। उनके निधन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने दुख व्यक्त किया है। जानकारी के अनुसार, बुच्चा उपाध्याय गुरुवार दोपहर बक्सर से अपने गांव खिलाफतपुर मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। रास्ते में अचानक एक नीलगाय उनके वाहन के सामने आ गई, जिससे बाइक नीलगाय से टकरा गई। इस दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया
स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल, बक्सर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। रविंद्र उपाध्याय उर्फ बुच्चा उपाध्याय की उम्र लगभग 55 वर्ष थी। वह लंबे समय से कांग्रेस से जुड़े थे और पार्टी ने उन्हें प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी थीं। वर्ष 2008 में बनारपुर पंचायत के उपचुनाव में वह लगभग ढाई महीने तक मुखिया रहे थे। निधन कांग्रेस परिवार के लिए बड़ी क्षति
वर्ष 2022 में चौसा नगर पंचायत चुनाव में महिला सीट आरक्षित होने के कारण उन्होंने अपनी पत्नी को चुनाव लड़वाया था। उनकी पत्नी को लगभग दो हजार मत मिले थे और वह चौथे स्थान पर रही थीं। बुच्चा उपाध्याय जिले में एक सक्रिय समाजसेवी के रूप में भी जाने जाते थे। सामाजिक कार्यों के साथ-साथ बच्चों के खेलकूद कार्यक्रमों के आयोजन में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रहती थी। पूर्व सदर विधायक संजय तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया और शोक संवेदना व्यक्त की। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने कहा कि बुच्चा उपाध्याय पार्टी के समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ता थे। उनका निधन कांग्रेस परिवार के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की।
Source link

