शिक्षा, जागरूकता और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बिहार छात्र संसद द्वारा आयोजित “बिहार छात्र संसद क्विज़ चैंपियनशिप–2026” का प्रथम चरण सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। इस प्रतियोगिता में नवादा जिले के विभिन्न विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों से हजारों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह प्रतियोगिता चार चरणों में आयोजित की गई थी, जिसमें कक्षा 5-6, कक्षा 7-8, कक्षा 9-10 और कक्षा 11-12 के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता, संवैधानिक समझ और समसामयिक विषयों के प्रति जागरूकता को विकसित करना था। परीक्षा में भारतीय राजनीति, भारतीय संविधान, अर्थव्यवस्था, इतिहास, भूगोल, विज्ञान एवं गणित, समसामयिक घटनाएँ (Current Affairs), लॉजिकल रीजनिंग, बिहार एवं नवादा विशेष तथा हिंदी साहित्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों से प्रश्न पूछे गए। उत्क्रमित मध्य विद्यालय–भरौसा, उत्क्रमित मध्य विद्यालय–ओढ़नपुर, होली व्यू स्कूल, प्रज्ञा कोचिंग सेंटर, करतार कोचिंग सेंटर, लक्ष्य कोचिंग सेंटर, मदर टेरेसा स्कूल, उत्क्रमित मध्य विद्यालय, देदौर, उच्च माध्यमिक विद्यालय, ओरैना, उत्क्रमित मध्य विधालय, नेमदारगंज, उच्च माध्यमिक विद्यालय–देदौर तथा उच्च माध्यमिक विधालय, नेमदारगंज सहित कई शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों ने इसमें हिस्सा लिया। परीक्षा को निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विद्यालयों एवं कोचिंग संस्थानों में अलग-अलग परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। बिहार छात्र संसद ने बताया कि प्रथम चरण की लिखित परीक्षा के परिणाम के आधार पर प्रत्येक वर्ग से सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले 15-15 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। इसके बाद इन चयनित विद्यार्थियों के बीच द्वितीय चरण (सेमीफाइनल क्विज़) आयोजित होगा। सेमीफाइनल से प्रत्येक वर्ग से 5-5 प्रतिभागी ग्रैंड फिनाले के लिए चुने जाएंगे। ग्रैंड फिनाले में चयनित प्रतिभागियों से दर्शकों की उपस्थिति में मंच पर मौखिक प्रश्नोत्तर (लाइव ओरल क्विज़ राउंड) कराया जाएगा। प्रतिभागियों के प्रदर्शन और सही उत्तरों के आधार पर प्रत्येक वर्ग में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान का निर्धारण होगा। प्रतियोगिता के विजेताओं को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी/मोमेंटो, मेडल एवं सम्मान-पत्र प्रदान किए जाएंगे। वहीं, प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को बिहार छात्र संसद की ओर से प्रतिभागिता प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
Source link

