Last Updated:
Biryani History: बिरयानी की शुरुआत को लेकर कई अलग-अलग ऐतिहासिक मान्यताएं मौजूद हैं. कई इतिहासकार इसकी जड़ें फारस से जोड़ते हैं, जबकि कुछ अफगानिस्तान और मुगल काल को इसका आधार मानते हैं. दक्षिण भारत में भी प्राचीन समय से चावल और मांस से बनने वाले व्यंजनों का उल्लेख मिलता है. लखनऊ और हैदराबाद ने बिरयानी को नया स्वाद और शाही पहचान दी. आज बिरयानी को कई संस्कृतियों और खानपान परंपराओं का अनोखा मेल माना जाता है.
Biryani History: बिरयानी का नाम सुनते ही ज्यादातर लोगों के मुंह में पानी आ जाता है. भारत में हैदराबादी बिरयानी, लखनवी बिरयानी, कोलकाता बिरयानी और मालाबार बिरयानी जैसी कई किस्में बेहद लोकप्रिय हैं. यही वजह है कि अधिकतर लोग मानते हैं कि बिरयानी की शुरुआत भारत से ही हुई होगी. लेकिन इतिहास और फूड एक्सपर्ट्स की राय इस कहानी को थोड़ा अलग तरीके से पेश करती है. बिरयानी की जड़ें सिर्फ भारत तक सीमित नहीं मानी जातीं. (इमेज AI)
कई इतिहासकार इसके तार फारस यानी आज के ईरान से जोड़ते हैं, कुछ इसे मध्य एशिया और अफगानिस्तान से भारत पहुंची डिश बताते हैं, जबकि कुछ लोगों का मानना है कि भारत में पहले से मौजूद चावल और मांस से बनने वाले व्यंजन समय के साथ बिरयानी में बदल गए. दिलचस्प बात यह है कि इन सभी कहानियों में कुछ न कुछ ऐतिहासिक आधार मिलता है. इसलिए बिरयानी का एक ही जन्मस्थान तय करना आसान नहीं है. आइए जानते हैं कि आखिर इस शाही डिश की शुरुआत कहां से मानी जाती है और कैसे यह दुनिया के सबसे लोकप्रिय व्यंजनों में शामिल हो गई. (इमेज AI)
क्या फारस में हुई थी बिरयानी की शुरुआत? कई फूड इतिहासकार मानते हैं कि बिरयानी की शुरुआती कहानी फारस से शुरू होती है. कहा जाता है कि वहां के शाही रसोइयों ने चावल को घी या फैट में हल्का भूनकर उसमें मांस, सूखे मेवे, केसर और खुशबूदार मसाले मिलाकर धीमी आंच पर पकाना शुरू किया. इस तकनीक को आज “दम” पकाने की शैली के रूप में जाना जाता है. फारस के शाही दरबारों में यह तरीका काफी लोकप्रिय था. बाद में व्यापारी, सैनिक और यात्री इस तरह के व्यंजन को अपने साथ दूसरे इलाकों तक ले गए. (इमेज AI)
Add News18 as
Preferred Source on Google
व्यापार मार्गों से भारत तक पहुंची यह डिश: इतिहासकारों के अनुसार फारस से यह व्यंजन धीरे-धीरे मध्य एशिया के कई शहरों से गुजरते हुए अफगानिस्तान पहुंचा. इस दौरान इसमें स्थानीय स्वाद और मसाले भी जुड़ते गए. अलग-अलग क्षेत्रों में इसे अपनी पसंद के अनुसार बदला गया, जिससे इसका स्वाद और भी खास बनता गया. (इमेज AI)
अफगानिस्तान की कहानी भी है दिलचस्प: एक दूसरी मान्यता के अनुसार 15वीं सदी में अफगानिस्तान के हेरात और काबुल में चावल और मांस से बनने वाले शाही व्यंजन काफी लोकप्रिय थे. यहां बनने वाला “काबुली पुलाव” राजघरानों में खास मौके पर परोसा जाता था. इसमें चावल, मटन, गाजर, किशमिश, बादाम और इलायची का इस्तेमाल किया जाता था. (इमेज AI)
जब बाबर 1504 में काबुल पहुंचा तो वह अपने साथ मध्य एशिया और फारस की खानपान परंपराएं भी लेकर आया. बाद में 1526 में भारत आने के बाद इन व्यंजनों में भारतीय मसाले और बासमती चावल जुड़ गए. माना जाता है कि यहीं से बिरयानी का भारतीय रूप धीरे-धीरे विकसित हुआ. (इमेज AI)
क्या मुगलों ने बनाई भारतीय बिरयानी? एक और मान्यता यह कहती है कि बिरयानी का विकास भारत में मुगल काल के दौरान हुआ. माना जाता है कि सैनिकों के लिए एक ऐसा भोजन तैयार किया जाता था जिसमें चावल और उपलब्ध मांस को एक साथ पकाकर पौष्टिक और पेट भरने वाला खाना बनाया जाता था. समय के साथ यही साधारण भोजन शाही रसोई तक पहुंच गया. मुगल रसोइयों ने इसमें केसर, मेवे, खुशबूदार मसाले और दम पकाने की तकनीक जोड़ दी. इसके बाद बिरयानी राजघरानों की पसंदीदा डिश बन गई. (इमेज AI)
क्या दक्षिण भारत में पहले से मौजूद था ऐसा व्यंजन? कुछ इतिहासकार इससे भी पुरानी कहानी बताते हैं. उनके अनुसार करीब दूसरी शताब्दी में वर्तमान तमिलनाडु क्षेत्र में सैनिकों के लिए चावल, घी, मांस, काली मिर्च और तेजपत्ते से बना एक व्यंजन तैयार किया जाता था. हालांकि इसे आधुनिक बिरयानी नहीं कहा जा सकता, लेकिन कई विशेषज्ञ इसे बिरयानी के शुरुआती रूपों में से एक मानते हैं. (इमेज AI)
लखनऊ और हैदराबाद ने दी नई पहचान: बिरयानी चाहे जहां से आई हो, लेकिन भारत में इसे सबसे ज्यादा पहचान अवध और हैदराबाद की रसोई से मिली. लखनऊ की बिरयानी अपने हल्के मसालों और नफासत के लिए मशहूर हुई, जबकि हैदराबादी बिरयानी ने तीखे मसालों, केसर और दम पकाने की शैली से अपनी अलग पहचान बनाई. इसके बाद भारत के अलग-अलग राज्यों में स्थानीय स्वाद के अनुसार बिरयानी के कई रूप तैयार हुए. आज कोलकाता, मालाबार, अंबूर, डिंडीगुल, सिंधी और कई दूसरी बिरयानियां अपनी अलग पहचान रखती हैं. (इमेज AI)
आखिर बिरयानी की असली जन्मभूमि कौन सी है? इतिहास में उपलब्ध जानकारियों को देखें तो किसी एक देश को बिरयानी का निश्चित जन्मस्थान कहना मुश्किल है. कई विशेषज्ञ मानते हैं कि इसकी शुरुआत फारस में हुई, अफगानिस्तान और मध्य एशिया से होते हुए यह भारत पहुंची और यहां आकर भारतीय मसालों, बासमती चावल और स्थानीय स्वाद के साथ इसका नया रूप तैयार हुआ. वहीं कुछ इतिहासकार मानते हैं कि भारत में पहले से मौजूद चावल और मांस के व्यंजनों ने भी इसके विकास में अहम भूमिका निभाई. यानी आज जिस बिरयानी को हम जानते हैं, वह कई संस्कृतियों, व्यापार मार्गों और शाही रसोइयों की साझा विरासत मानी जा सकती है. (इमेज AI)

