मनीला6 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
फिलीपींस के स्कूल में फायरिंग का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
फिलीपींस के जाम्बोआंगा शहर में मंगलवार को एक स्कूल में गोलीबारी हुई है। एक छात्र ने अपने ही स्कूल के एक दूसरे छात्र को गोली मार दी। इसके बाद उसने खुद भी जान दे दी। फायरिंग में दो सुरक्षा गार्डों की भी मौत हो गई, जबकि 9 लोग घायल हुए हैं।
घटना एटेनियो डी जाम्बोआंगा यूनिवर्सिटी के स्कूल कैंपस में हुई। पुलिस का कहना है कि आरोपी छात्र ने हमले का कुछ हिस्सा फेसबुक पर लाइव भी दिखाया था। घटना के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया और छात्रों को सुरक्षित जगहों पर ले जाया गया।

फायरिंग के बाद छात्र स्कूल परिसर से बाहर जाते नजर आए।
पहले शिक्षक पर गोली चलाई, फिर छात्र को निशाना बनाया
पुलिस के मुताबिक, आरोपी कक्षा 9 का छात्र मोहम्मद मैल जलानी था। वह दो पिस्तौल लेकर स्कूल पहुंचा था।
जांच में पता चला है कि उसने सबसे पहले एक शिक्षक पर गोली चलाई, लेकिन गोली उन्हें नहीं लगी। इसके बाद उसने कक्षा 10 के एक छात्र को गोली मार दी। फिर वह स्कूल की ऊपरी मंजिल पर गया और वहां से कूदकर अपनी जान दे दी।
फिलीपींस के गृह मामलों के मंत्री जॉनविक रेमुल्ला ने बताया कि आरोपी सीढ़ियां चढ़ते समय फेसबुक लाइव कर रहा था।
घटना के बाद स्कूल ने सीनियर हाईस्कूल की कक्षाएं कुछ समय के लिए बंद कर दी हैं।
स्कूल ने बताया कि छोटे बच्चों को सुरक्षित रखा गया है। सभी बच्चों की गिनती कर ली गई है और वे अपने शिक्षकों की निगरानी में हैं।
पुलिस ने माता-पिता से घबराने के बजाय स्कूल की ओर से दी जा रही जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।
प्रभावित लोगों को मिलेगी मानसिक मदद
फिलीपींस के शिक्षा विभाग ने कहा है कि घटना से प्रभावित छात्रों, परिवारों और स्कूल कर्मचारियों को जरूरी मदद दी जाएगी।
इसके लिए काउंसलिंग और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि लोग इस सदमे से बाहर निकल सकें।
विभाग ने लोगों से यह भी कहा है कि बिना पुष्टि वाली खबरें, फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर न करें।
दो महीने में फायरिंग की दूसरी बड़ी घटना
फिलीपींस में करीब दो महीने के भीतर स्कूल में गोलीबारी की यह दूसरी बड़ी घटना है।
इससे पहले जून में ताकलोबान शहर के एक स्कूल में हुई गोलीबारी में 3 छात्रों की मौत हो गई थी और 20 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।
ताजा घटना के बाद स्कूलों की सुरक्षा और छात्रों तक हथियार पहुंचने को लेकर फिर से सवाल उठने लगे हैं।


