बीएलओ सुपरवाइजरों के प्रशिक्षण सत्र के दौरान डीएम।
आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियों को लेकर आज पटना में बीएलओ सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण सत्र बुलाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने की।
.
इस दौरान उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को ठीक तरह से और बिना किसी गलती के समय पर अपडेट किया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी योग्य मतदाता छूटे नहीं और हर किसी का नाम मतदाता सूची में हो ताकि वे मतदान कर सकें। मतदाता सूची से नाम हटाने, जोड़ने या सुधारने की प्रक्रिया में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन जरूर करें।
पटना में 4,906 बीएलओ और 527 सुपरवाइजर
पटना में कुल 4,906 बीएलओ और 527 बीएलओ-सुपरवाइजर तैनात हैं। बीएलओ का प्रशिक्षण पहले ही हो चुका है, अब सभी सुपरवाइजरों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इस बार जिले में “मिशन 60” अभियान चलाया जा रहा है।
इसके तहत हर विधानसभा क्षेत्र में मतदान प्रतिशत कम वाले 60 बूथों को चिह्नित कर, वहां 66% तक मतदान लाने का लक्ष्य रखा गया है। शहरी क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, खासकर दीघा, कुम्हरार और बांकीपुर क्षेत्रों में जहां परंपरागत रूप से मतदान कम होता है।
मतदाता जागरूकता अभियान और डोर-टू-डोर संपर्क
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बीएलओ घर-घर जाकर योग्य मतदाताओं को सूची में नाम जोड़ने के लिए प्रेरित करें। साथ ही मतदाता हेल्पलाइन 1950, वोटर हेल्पलाइन ऐप, फॉर्म- 6, 6A, 7 और 8 आदि के बारे में जागरूकता बढ़ाएं।
लोकसभा आम चुनाव 2024 में पटना जिला के दोनों संसदीय क्षेत्रों – पाटलिपुत्र और पटना साहिब में मतदान प्रतिशत में सुधार दर्ज किया गया था। पाटलिपुत्र में 3.31% और पटना साहिब में 1.19% की बढ़ोतरी हुई थी।
सभी स्टेकहोल्डर्स से सहयोग की अपील
जिलाधिकारी ने शिक्षकों, आंगनबाड़ी कर्मियों, विकास मित्रों, जीविका दीदियों, मीडिया और स्वयंसेवी संगठनों से अपील की कि वे मतदाताओं को प्रेरित करें, ताकि इस बार मतदान प्रतिशत राष्ट्रीय औसत (लगभग 66%) तक पहुंच सके।

