एटा में सैकड़ों शिक्षकों और शिक्षिकाओं ने शुक्रवार शाम पुरानी पेंशन बहाली और शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की अनिवार्यता के विरोध में तिरंगा यात्रा निकाली। यह यात्रा उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले आयोजित की गई। शाम साढ़े छह बजे शहीद पार्क से शुरू हुई यह यात्रा जिला संयोजक ओमेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में निकाली गई। शिक्षकों ने हाथों में तिरंगा झंडा थामकर माया पैलेस चौराहा, जीटी रोड और कचहरी मार्ग से होते हुए धरना स्थल स्थित कलेक्ट्रेट तक मार्च किया। यात्रा के समापन पर संगठन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के नाम संबोधित एक लिखित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा। इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रांतीय जिला मंत्री वीरपाल सिंह जाटव ने बताया कि प्रांतीय अध्यक्ष विजय कुमार के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में संगठन द्वारा तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। इन यात्राओं का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना की बहाली और उन शिक्षकों के लिए TET की अनिवार्यता का विरोध करना है, जो पिछले तीस वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इस यात्रा में जिला संयोजक ओमेंद्र प्रताप, संयोजिका शिल्पी मिश्रा, जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार फौजी, मुकेश कुमार, आरजू पांडेय, सुमनलता, शौर्या मिश्रा, कामिनी सिंह, देवेंद्र यादव, राजीव वर्मा, सतेंद्र यादव सहित सैकड़ों शिक्षक और शिक्षिकाएं शामिल हुए।
Source link
एटा में सैकड़ों शिक्षकों ने निकाली तिरंगा यात्रा: पुरानी पेंशन बहाली और TET अनिवार्यता का किया विरोध – Etah News
RELATED ARTICLES

