छतरपुर जिले के बड़ामलहरा अनुभाग के बमनौरा कलां में जमीन विवाद को लेकर एक बेटे ने अपनी 50 वर्षीय मां की हत्या कर दी। शनिवार रात हुई इस घटना में आरोपी ने पहले पत्थर से हमला किया, फिर लोहे की रॉड से सिर पर वार किए। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने जांच के बाद रविवार देर शाम आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया। बमनौरा कलां के हरिजन मोहल्ला निवासी सुनती बाई अहिरवार (50) अपने दो बेटों के साथ रहती थीं। वह धार्मिक स्थलों पर लोगों से मिलने वाली मदद से परिवार का भरण-पोषण करती थीं। उनके नाम पर कृषि भूमि थी। इसी जमीन को बेचने को लेकर उनके बेटे जाहर उर्फ रंगाराव अहिरवार का मां से विवाद चल रहा था। जाहर जमीन बेचना चाहता था, जबकि सुनती बाई इसका विरोध कर रही थीं। हमले के समय घर में अकेली थीं
शनिवार रात करीब 11 बजे सुनती बाई और आरोपी जाहर घर में अकेले थे। आरोपी का बड़ा भाई जगदीश अहिरवार उस समय घर पर मौजूद नहीं था। आरोप है कि इसी दौरान जाहर ने अपनी मां पर हमला कर दिया। उसने पत्थर से मारपीट की, जिससे सुनती बाई के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं। इसके बाद जाहर ने लोहे की रॉड से उनके सिर पर वार किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सुनती बाई की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत बमनौरा पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और महिला को खून से लथपथ पाया। जांच के बाद उसकी मौत की पुष्टि हुई। शराब पीने का आदी है आरोपी
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीएफएसएल (CFSL) टीम ने भी मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी जाहर उर्फ रंगाराव शराब पीने का आदी बताया जा रहा है। जमीन के विवाद को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। चौकी प्रभारी रामटोरिया राजकपूर सिंह बघेल ने बताया कि मौके पर शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया गया। जांच में सामने आया कि सुनती बाई अहिरवार की हत्या उनके बेटे जाहर उर्फ रंगाराव अहिरवार ने की है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे नियमानुसार आज (सोमवार) न्यायालय में पेश किया जाएगा। एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक अपनी मां के साथ मारपीट कर रहा है। जब पुलिस पहुंची तो महिला की मौत हो चुकी थी, उसका बेटा वहां मिला था, वह शव के पास ही बैठा था। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में जांच और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Source link
जमीन बेचने से मना किया, मां को मार डाला: बेटे ने पहले पत्थर फिर रॉड से वार किया; जान जाने के बाद पास ही बैठा रहा – Chhatarpur (MP) News
RELATED ARTICLES

