Thursday, August 27, 2026
Homeराज्यबिहारनेपाल में फ्लैश फ्लड,गंडक नदी में जलस्तर बढ़ने की आशंका: कटिहार...

नेपाल में फ्लैश फ्लड,गंडक नदी में जलस्तर बढ़ने की आशंका: कटिहार प्रशासन ने संभावित बाढ़ से निपटने की तैयारी की समीक्षा की – Katihar News




नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र में फ्लैश फ्लड की स्थिति और गंडक नदी में अचानक जलप्रवाह बढ़ने की संभावना के मद्देनजर कटिहार जिला प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में आज संबंधित पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को संभावित आपातकालीन स्थिति के लिए पूरी तरह तैयार रहने और आपसी समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सभी अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में आमजनों को संभावित जलस्तर वृद्धि के संबंध में सतर्क करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें जलस्तर बढ़ने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने को कहा गया। विशेष रूप से नदी और तटबंध के आसपास रहने वाले लोगों से निरंतर संपर्क बनाए रखने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सभी चिन्हित बाढ़ शरण स्थलों की आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। इन शरण स्थलों पर पेयजल, शौचालय, प्रकाश, भोजन, चिकित्सा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सके। संभावित आपातकालीन स्थिति में त्वरित राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए SDRF की टीम को त्वरित प्रतिक्रिया के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल-1 और बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल-2 के कार्यपालक अभियंताओं को तटबंधों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने तथा तटबंध चौकीदारों से लगातार स्थिति की जानकारी प्राप्त कर जिला प्रशासन को अवगत कराने को कहा गया है। किसी भी प्रकार की असामान्य स्थिति या तटबंध से संबंधित सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि संभावित जलवृद्धि की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें तथा नदी, तटबंध और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों की ओर जाने से परहेज करें। साथ ही, किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें। संभावित बाढ़ की स्थिति से संबंधित प्रमाणिक एवं अद्यतन जानकारी के लिए केवल जिला प्रशासन एवं अन्य अधिकृत सरकारी माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं पर ही भरोसा करें। आमजनों की सहायता एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित समन्वय के लिए जिला, अनुमंडल एवं सभी अंचल स्तर पर नियंत्रण कक्ष (Control Room) की स्थापना कर दी गई है।
जिला नियंत्रण कक्ष दूरभाष संख्या: 06452-239025/239026, 06452-242400 जारी किया है। जिलाधिकारी द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि संभावित बाढ़ की स्थिति में आपसी समन्वय, सतत निगरानी एवं त्वरित प्रतिक्रिया के साथ कार्य करते हुए आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
जिला प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा आवश्यकतानुसार सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments