Last Updated:
Anrasa Recipe: सावन और भाद्रपद के त्योहारों के साथ बिहार के बाजारों में अनरसा मिठाई की मांग तेजी से बढ़ जाती है. सावन सोमवारी, तीज, करमा और जितिया जैसे पर्वों में खास तौर पर पसंद की जाने वाली यह मिठाई करीब दो महीने तक दुकानों पर खूब बिकती है. जहानाबाद समेत बिहार के कई शहरों में साधारण चावल के आटे वाला अनरसा करीब ₹5 से शुरू होता है, जबकि खोया और ड्राई फ्रूट्स से तैयार स्पेशल अनरसा इसकी दोगुनी कीमत में मिलता है. खास बात यह है कि इसे घर पर भी आसानी से तैयार किया जा सकता है.
सावन का पवित्र महीना चल रहा है. इस दौरान भक्त भगवान भोले की भक्ति में डूबे हुए हैं. इस महीने से महिलाओं के प्रमुख व्रत-त्योहार शुरू हो जाते हैं. सावन सोमवारी, तीज, करमा, जितिया जैसे प्रमुख पर्व मनाए जाते हैं. इन त्योहारों की खास बात यह होती है कि जितने भी तरह के फल और फूल का इस्तेमाल होता है, वो एकदम इसी मौसम में मिलता है. ऐसी ही एक मिठाई है, जिसकी मांग 2 महीने खूब रहती है, वो अनरसा है. श्रावण और भाद्रपद महीने के हर पर्व में अनरसा की उपलब्धता होती ही है. यही कारण है कि बाजार में मिठाई दुकानदार अनरसा भी बनाना शुरू कर देते हैं.
बिहार में वैसे तो पटना, गयाजी, नालंदा, नवादा जैसे शहरों में इस पर्व की खास मिठाई दुकानों में दिखती ही है. साथ ही जहानाबाद जिले में भी दुकानें सज जाती हैं, जहां आपको ग्राहकों की भीड़ भी देखने को मिलती है. अनरसा मिठाई दो प्रकार से तैयार होती है, एक तो साधारण चावल का आटा, चीनी, पानी, सफेद तिल, तेल या घी से और दूसरा स्पेशल खोया और ड्राई फ्रूट्स वाला. बाजार में साधारण अनरसा की कीमत जहां 5 रुपए होती है, तो वहीं खोया और ड्राई फ्रूट्स वाला अनरसा दोगुनी कीमत में मिलता है.
जहानाबाद में अंबेडकर चौक पर हर सीजन में अलग-अलग दुकानें सजती हैं. मकर संक्रांति के समय तिलकुट की सौंधी खुशबू मिलेगी, तो श्रावण और भाद्रपद महीने में अनरसा की सुगंध नाक तक पहुंचती है. स्थानीय दुकानदार रौनक केशरी ने कहा कि हम मकर संक्रांति के समय तिलकुट बनाते हैं, तो अभी श्रावण में अनरसा का कारोबार करते हैं. 2 महीने बहुत ज्यादा डिमांड रहती है, जिसके कारण हम लोग भी उसी स्तर से तैयारी करते हैं. इस मिठाई की मांग हर घर में रहती है. दो महीने में कई पर्व हैं, जिसमें अनरसा स्पेशल मिठाई के रूप में काम करता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
वो अनरसा बनाने की विधि के बारे में कहते हैं कि अनरसा बनाने के लिए सबसे पहले चावल को भिगोकर छोड़ देना होता है. फिर चावल को पानी से निकालकर एक साफ सफेद मारकीन पर फैलाकर कुछ समय के लिए रख दें. जब चावल में थोड़ी देर हवा लगेगी, तो सूखेगा. इसके बाद ग्राइंडर में डालकर पीसें, जब तक मुलायम न हो जाए. फिर छान लेने के बाद चीनी मिलाएं और दूध छिड़ककर आटे की तरह गूंथ लें. अब इस आटे के बॉल्स बनाने हैं. कुछ समय तक छोड़ने के बाद एक प्लास्टिक शीट का इस्तेमाल करें.
ध्यान रहे, बॉल्स बनाने के समय खोया भी भरना है. अब बॉल्स को फ्राइंग पैन में घी या तेल के सहारे छान लें. इस तरह स्वादिष्ट अनरसा घर पर ही तैयार होगा. आप सामग्री की मात्रा अपने हिसाब से कम या ज्यादा कर सकते हैं. त्योहारों पर यह मिठाई खासतौर पर डिमांड में रहती है. आप चाहें तो इसे घर पर भी बना सकते हैं.

