Saturday, September 12, 2026
Homeराज्यराजस्तानभाजपा में बाड़ेबंदी, कांग्रेस में प्रशिक्षण शिविर: प्रत्याशी बोले- मेयर चुनाव...

भाजपा में बाड़ेबंदी, कांग्रेस में प्रशिक्षण शिविर: प्रत्याशी बोले- मेयर चुनाव की जानकारी दे रहे, बीजेपी ने रिसॉर्ट में रुकवाया – Bikaner News




बीकानेर नगर निगम चुनाव के नतीजे आने से पहले ही बीकानेर में मेयर की कुर्सी को लेकर सियासी जोड़-तोड़ शुरू हो गई है। कांग्रेस और भाजपा ने अपने-अपने पार्षद प्रत्याशियों को एक साथ रखा है। कांग्रेस के 78 प्रत्याशी बीकानेर के नोखा रोड स्थित एक होटल में हैं, जबकि भाजपा के 78 प्रत्याशियों को जोधपुर रोड स्थित एक रिसोर्ट में रखा गया है। उधर, दोनों दलों ने निर्दलीय और बागी उम्मीदवारों की निगरानी रखनी शुरू कर दी है। कांग्रेस और भाजपा दोनों जीत की उम्मीद वाले निर्दलीय प्रत्याशियों से संपर्क की कोशिश में हैं। दोनों प्रमुख दलों की ओर से अपने प्रत्याशियों को एकजुट रखने के साथ मेयर चुनाव की रणनीति पर भी काम किया जा रहा है। हालांकि कांग्रेस इसे बाड़ेबंदी मानने से इनकार कर रही है। कांग्रेस बोली- बाड़ेबंदी नहीं, प्रशिक्षण शिविर कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशी और मेयर पद के दावेदार माने जा रहे अनिल कल्ला ने कहा कि पार्टी ने प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी नहीं की है, बल्कि प्रशिक्षण शिविर चल रहा है। उनके अनुसार इस बार कांग्रेस ने कई नए चेहरों को टिकट दिया है। इन प्रत्याशियों को पार्टी की रीति-नीति और मेयर चुनाव की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जा रही है। प्रत्याशियों को यह भी बताया जा रहा है कि मेयर चुनाव में किस तरह वोटिंग करनी है और पार्टी के विचार को किस तरह आगे बढ़ाना है। कांग्रेस के सभी 78 प्रत्याशी फिलहाल एक साथ हैं और पार्टी के आला नेताओं के संपर्क में हैं। रोज होटल पहुंच रहे बीडी कल्ला कांग्रेस प्रत्याशियों के साथ संवाद के लिए वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला भी रोज होटल पहुंच रहे हैं। वे प्रत्याशियों के साथ बातचीत कर रहे हैं और चुनावी रणनीति पर चर्चा कर रहे हैं। शहर अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल और पूर्व शहर अध्यक्ष यशपाल गहलोत भी प्रत्याशियों से मिलने होटल पहुंच रहे हैं। भाजपा ने भी संभाले अपने 78 प्रत्याशी दूसरी ओर भाजपा ने भी अपने 78 पार्षद प्रत्याशियों को एक साथ रखा है। भाजपा के पार्षद प्रत्याशियों को जोधपुर रोड स्थित एक रिसोर्ट में रखा गया है। बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानन्द व्यास भाजपा के पार्षद प्रत्याशियों का नेतृत्व कर रहे हैं, जबकि बीकानेर पूर्व क्षेत्र के प्रत्याशी शहर अध्यक्ष सुमन छाजेड़ के नेतृत्व में हैं। दोनों क्षेत्रों के प्रत्याशियों को एक ही स्थान पर रखा गया है। भाजपा में मेयर पद के लिए नाम तय करने का फैसला संगठन स्तर पर होने की बात कही जा रही है। पार्टी जिस प्रत्याशी के नाम पर फैसला करेगी, भाजपा के सभी पार्षद प्रत्याशियों को उसी के पक्ष में मतदान करना होगा। नतीजों से पहले मेयर की तैयारी नगर निगम बोर्ड में बहुमत के साथ मेयर बनाने के लिए दोनों दल अभी से अपने पार्षद प्रत्याशियों को एकजुट रखने में जुट गए हैं। चुनाव परिणाम आने के बाद मेयर पद के लिए होने वाली वोटिंग में एक-एक पार्षद का वोट महत्वपूर्ण होगा। ऐसे में नतीजों से पहले ही दोनों दलों की ओर से प्रत्याशियों को साथ रखना और पार्टी लाइन के अनुसार मतदान की तैयारी कराना सियासी तौर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments